नहटौर में तैनात उपनिरीक्षक जयवीर सिंह मान के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई
बिजनौर – थाना नहटौर में तैनात उपनिरीक्षक जयवीर सिंह मान के सेवानिवृत्त होने पर गणमान्य लोगों व स्टाफ के लोगों ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा ढोल नगाडों के साथ उन्हें विदाई दी गई।
थाना प्रांगण में आयोजित विदाई कार्यक्रम में चेयरपर्सन प्रतिनिधि राजा अंसारी, कोतवाल जय कुमार सहित आसपास क्षेत्र से आये जनप्रतिनिधियों, गणमान्य लोगों व स्टाफ के लोगों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने उपनिरीक्षक जयवीर सिंह मान के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि जयवीर सिंह मान ने सेवाकाल विस्मरणीय है। उन्होंने हमेशा पीडित व्यक्ति की समस्या को गम्भीरता से लेकर उसकी समस्या का समाधान कराया। लोगों ने उनसे अपेक्षा की कि वे विभाग से सेवानिवृत्ति के बाद भी जनसेवा करते रहेगें। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने नहटौर पहुंचे उप निरीक्षक जयवीर सिंह मान के परिजनों का भी स्वागत किया।
वहीं क्षेत्रीय विधायक ओमकुमार ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर सेवानिवृत्त हुए उपनिरीक्षक जयवीर सिंह मान को शोल ओढ़ाकर व शील्ड देकर सम्मानित किया। विदाई कार्यक्रम में लोगों का स्नेह देख जयवीर सिंह मान काफी भावुक हो गए। उन्होंने पुलिस परिवार एवं क्षेत्रीय लोगों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि जो मान सम्मान सभी लोगों ने उन्हें दिया वे उसके लिये जीवन भर आभारी रहेगें। इसके उपरांत हिमांशु गुप्ता के प्रतिष्ठान पर भी उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने ब्लॉक परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर सेवानिवृत्त हुए उप निरीक्षक जयवीर सिंह मान को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने सेवानिवृत्त हुए जयवीर सिंह मान के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि व्यक्ति कभी रिटायर नहीं होता जब तक वह अपने हौसले और अपनी बुद्धि को सुस्त ना मान ले। इसके अतिरिक्त मिलनसार व्यक्तित्व के धनी उपनिरीक्षक जयवीर सिंह मान की सेवानिवृत्ति पर नगर के पत्रकारों ने भी उन्हें शॉल ओढाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया तथा सभी ने उनकी व्यवहार कुशलता व कर्तव्य-निर्वहन की प्रशंसा की।


















