करनाल: करनाल सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक अदिति ने मिल का निरीक्षण करने के बाद सोमवार को फील्ड एरिया में कार्यरत स्टाफ के साथ मीटिंग की जिसमें मिल के गन्ना प्रबंधक, गन्ना विकास अधिकारी मौजूद रहे। मीटिंग में आगामी पिराई सत्र के दौरान किसानों को आने वाली पेरशानियों के बारे में विचार-विमर्श किया गया।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि सीजन 2021-22 के लिए गन्ने का सर्वे जीपीएस से किया जाएगा ताकि किसानों को अपने गन्ने के सर्वे के बारे में पता चल सके और किसान को सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न आए। उन्होंने बताया कि गन्ने के सर्वे की सूची प्रत्येक गांव के सार्वजनिक स्थल पर चस्पा की जाएगी और यदि किसी किसान को गन्ने के सर्वे बारे कोई शिकायत है तो वह एक सप्ताह के अंदर ठीक करवा सकता है।
उन्होंने स्टाफ को निर्देश दिए कि मिल को आगामी सीजन के लिए 55 लाख क्विंटल गन्ने की आपूर्ति का लक्ष्य रखा गया है जोकि भरसक प्रयास करके पूरा किया जाए। किसानों को जागरूक करने बारे भी निर्देश दिए कि कृषि वैज्ञानिकों द्वारा की गई सिफारिश के अनुसार ही गन्ने की फसल में खादों का प्रयोग करें और की गई सिफारिश अनुसार ही सिंचाई करें। ज्यादा खाद डालने व अधिक सिंचाई करने से गन्ने की फसल पर विपरित प्रभाव पड़ता है। संतुलित मात्रा में खाद व सिंचाई करने से गन्ने की पैदावार अधिक निकलती है और रिकवरी पर भी कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता।
प्रबंध निदेशक ने फील्ड एरिया स्टाफ के साथ की मीटिंग, आगामी पिराई सत्र के दौरान किसानों को आने वाली पेरशानियों के बारे में किया विचार-विमर्श।


















