बेवर- कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नेहरु युवा मंडल बेवर द्वारा आयोजित संचारी रोग जागरूकता कैम्प का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ स्नेहिल त्रिपाठी ने फीता काटकर शुभारंभ किया। कैंप के दौरान सीएचसी पर दवा लेने आए रोगियों, वैक्सीनेशन कराने आए लोगों व आम जनमानस को पंपलेट वितरित कर संचारी रोगों से बचने के उपाय बताए गए। इस मौके पर सीएचसी अधीक्षक ने कहा कि संस्था नेहरु युवा मंडल बेवर के सहयोग से लोगों के बीच जागरूकता फैलाने का काम किया जा रहा है।
वर्तमान में बुखार का प्रकोप कई जगह चल रहा है। ऐसे में हम कुछ सावधानियां बरतकर बीमारी की जद में आने से बच सकते हैं। उन्होंने लोगों से घरों में मच्छर न पनपने देने, टूटे-फूटे बर्तनों को छत पर न रखने, टायरों, गमलों फ्रिज के पीछे साफ पानी जमा न होने देने की जानकारी दी। बताया कि बारिश के मौसम में फुल कपड़े पहने और स्वास्थ्य संबंधी कोई भी समस्या होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से ही इलाज कराएं। संस्था अध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि संस्था समाज में विभिन्न जागरूकता अभियानों को पूर्व में भी संचालित करती आई है। आगे भी लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में जागरूक करने का काम जारी रहेगा।
संवाददाता अमन कुमार


















