वाराणसी पुलिस को थैंक्यू, थैंक्यू, थैंक्यू! महज 2 घंटे में CCTV की मदद से बरामद हुई पश्चिम बंगाल से आए दंपत्ति की मासूम बेटी

रोडवेज चौकी पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से परिवार के चेहरे पर लौटी मुस्कान, काशी दर्शन करने आए माता-पिता ने वाराणसी पुलिस का जताया आभार।
वाराणसी, 20 नवम्बर 2026।
काशी दर्शन और वाराणसी भ्रमण की खुशी उस समय चिंता में बदल गई, जब पश्चिम बंगाल से आए एक दंपत्ति की महज 2 वर्ष 9 माह की मासूम बच्ची अचानक लापता हो गई। बच्ची के गायब होने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उन्होंने तत्काल रोडवेज चौकी पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रोडवेज चौकी प्रभारी एवं उनकी पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस की तत्परता, सूझबूझ और लगातार प्रयासों का नतीजा रहा कि महज दो घंटे के भीतर मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
अपनी खोई हुई बच्ची को सुरक्षित वापस पाकर दंपत्ति की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। पश्चिम बंगाल से आए माता-पिता ने वाराणसी पुलिस और रोडवेज चौकी की टीम का दिल से आभार जताते हुए बार-बार कहा— “थैंक्यू, थैंक्यू, थैंक्यू वाराणसी पुलिस!”
इस सराहनीय कार्य ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और तकनीक का सही इस्तेमाल किसी परिवार की सबसे बड़ी खुशी वापस लौटा सकता है।
बच्ची का विवरण: आराध्या रॉय, उम्र 2 वर्ष 9 माह, पिता प्रशांत कुमार रॉय, निवासी कटवा, जिला पूर्व वर्धमान, पश्चिम बंगाल।
वाराणसी पुलिस की इस मानवीय पहल को सलाम!






