स्टेडियम रेलवे फाटक 8 घंटे रहेगा बंद, ट्रैक पैकिंग के लिए डायवर्ट होगा यातायात

काशीपुर /उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,,काशीपुर के स्टेडियम के पास स्थित रेलवे फाटक संख्या 43 स्पेशल पर ट्रैक पैकिंग कार्य के चलते 27 और 28 अप्रैल की रात 8 घंटे के लिए यातायात बंद रहेगा।
रेलवे विभाग के प्रभारी सीनियर सेक्शन इंजीनियर एसके सुमन ने क्षेत्राधिकारी काशीपुर को पत्र भेजकर जानकारी दी है कि फाटक को 27 अप्रैल रात 9 बजे से 28 अप्रैल सुबह 5 बजे तक बंद रखा जाएगा। इस दौरान डीटीई मशीन से ट्रैक पैकिंग का काम किया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी तय कर दी है। भारी वाहनों को केला मोड़ से कुंडेश्वरी मार्ग की ओर भेजा जाएगा, जबकि छोटे वाहन और शहर के अंदर का यातायात फाटक संख्या 42ए/स्पेशल से होकर गुजरेगा।
रेलवे प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि डायवर्जन के दौरान पुलिस तैनात कर यातायात को सुचारू रखा जाए ताकि आम जनता को परेशानी न हो। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य रेल ट्रैक की मजबूती और ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए जरूरी है।


















