राज्य निर्माण आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण मे विलम्ब से गुस्साए लोगों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,,राज्य निर्माण सक्रिय आन्दोलनकारी समिति, उधमसिंहनगर, उत्तराखंड का एक प्रतिनिधिमंडल जिला महामंत्री विनय कुमार विश्नोई के नेतृत्व में आज उपजिलाधिकारी कार्यालय काशीपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने समिति द्वारा पूर्व में प्रस्तुत आवेदन पत्रों पर हुई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त की तथा चिन्हीकरण प्रक्रिया में आ रही बाधाओं पर विस्तार से चर्चा की।
समिति ने चिन्हीकरण में आ रही समस्याओं के समाधान हेतु एक ठोस प्रारूप उपजिलाधिकारी महोदय के समक्ष प्रस्तुत किया। इस पर उपजिलाधिकारी महोदय ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण के बिंदु ‘च’ में शिथिलता देने की मांग को लेकर एक ज्ञापन माननीय राज्यपाल, गृह सचिव, मुख्य सचिव, माननीय मुख्यमंत्री महोदय तथा प्रधानमंत्री कार्यालय के नाम उपजिलाधिकारी महोदय को सौंपा। ज्ञापन की एक-एक प्रति रिसीव कराकर प्राप्त की गई।
उपजिलाधिकारी कार्यालय के पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार कार्यालय जाकर भी अधिकारियों से वार्तालाप की। इस दौरान चिन्हीकरण समिति के सदस्य हेतु जांच रिपोर्ट पर शीघ्र कार्यवाही करने का अनुरोध किया गया। मौके पर ही संबंधित अधिकारी को जांच रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
समिति ने कहा कि राज्य निर्माण आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए समिति लगातार प्रयासरत है और शीघ्र ही ठोस परिणाम सामने आएंगे।


















