युवा शिक्षक की मृत्यु पर वर्चुअल शोक सभा माध्यमिक शिक्षक संघ (सेवारत) ने दी श्रद्धांजलि
बिजनौर: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (सेवारत) जनपद बिजनौर की वर्चुअल शोक सभा में सार्वजनिक आर्य इंटर कॉलेज फी़ना के युवा शिक्षक महेंद्र पाल सिंह की कोरोना से मृत्यु होने पर शोक प्रकट करते हुए शिक्षकों ने अपने दिवंगत साथी को श्रद्धांजलि दी। मूल रूप से बिलासपुर जनपद रामपुर के रहने वाले महेन्द्रपाल विगत 19 अप्रैल को अफजलगढ़ ब्लॉक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पीठासीन अधिकारी की ड्यूटी करने के दौरान करोना से संक्रमित हो गये थे।
महेंद्र पाल निरंतर बीमार चल रहे थे पहले प्राथमिक चिकित्सालय नूरपुर से उन्हें जिला अस्पताल बिजनौर में रेफ़र किया गया जहां से उनकी स्थिति बिगड़ने पर उन्हें बरेली के कोविड सेंटर में स्थानांतरित किया गया। किंतु स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उन्हें बरेली में ही एक निजी चिकित्सालय में भर्ती किया गया जहां उपचार के दौरान आज उनका देहावसान हो गया। मृतक युवा शिक्षक अपने पीछे दस वर्ष से कम आयु के दो बच्चे और पत्नी छोड़ गए हैं।
जिला अध्यक्ष ग़य्यूर आसिफ ने अपने शिक्षक साथी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि महेंद्र पाल जी एक बहुत ही कर्तव्यनिष्ठ संघ निष्ठ तथा संगठन के प्रति पूर्णतया समर्पित युवा साथी थे। उनकी मृत्यु से जनपद बिजनौर का हर शिक्षक दुखी एवं शोक संतप्त है। जिला मंत्री विनोद कुमार ने कहा कि जनपद और संपूर्ण प्रदेश में महेंद्र पाल जी सहित हमारे अनेक शिक्षक साथी इस कोरोना बीमारी के कारण असमय काल का ग्रास बन गए हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि इस महामारी के चलते कोरोना प्रोटोकाल का पूर्णतया पालन करें ताकि हमारे सभी साथी और उनके परिवार इस महामारी के समय में सुरक्षित रह सकें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जगराम सिंह ने भीगी आंखों से अपने युवा शिक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महेंद्रपाल उनके लिए बिल्कुल परिवार के सदस्य जैसा था वह उनकी मृत्यु से व्यक्तिगत रूप से बहुत दुखी और आहत हैं। संघ के संरक्षक विनेश त्यागी ने कहा कि फी़ना का इंटर कॉलेज और उनका प्रत्येक शिक्षक उनके लिए परिवार के जैसा है और महेंद्र पाल एक बहुत ही हंसमुख मृदुभाषी और संगठन के प्रति बहुत ही समर्पित युवा शिक्षक थे उनकी मृत्यु से प्रत्येक शिक्षक को गहरा आघात पहुंचा है।
श्रद्धांजलि देते हुए सभी शिक्षकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति शोक एवं संवेदना प्रकट की।वर्चुअल शोक सभा में जिला कोषाध्यक्ष मयूर मलिक,सरदार गुरशरणन सिंह, अनिल कुमार योगी संजीव राणा,संजय कुमार सिंह, बृजवीर सिंह,राजेंद्र सोलंकी सुभाष बाबू राजपूत मोहम्मद खालिद,भूपेंद्र जितेंद्र पाल सिंह देवेंद्र सिंह, डॉ अविनाश विश्नोई सहित अनेक शिक्षकों ने भाग लिया।


















