भारतीय किसान यूनियन की नहटौर इकाई ने रोष प्रकट करते हुए घटना को दुर्भाग्यपूर्ण!

बिजनौर। हरियाणा में अस्पताल का उद्घाटन करने पहुंचे मनोहर लाल के खिलाफ किसानों के शान्तिपूर्ण प्रदर्शन पर खट्टर सरकार की पुलिस द्वारा निहत्थे किसानों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस व रबर की गोली दागने पर भारतीय किसान यूनियन की नहटौर इकाई ने रोष प्रकट करते हुए घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार के तानाशाही रबैये से बहुत अधिक संख्या में किसान जख्मी हुए है। आने वाले चुनाव में खट्टर सरकार का अंत निश्चित है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना से किसान डरने वाले नहीं हैं। किसान अपनी मांगों को मनवाकर रहेगें चाहे उसके लिए उन्हें पुलिस व सरकार के द्वारा किये जा रहे उत्पीडन में अपने प्राणों की आहूति ही क्यों न देनी पड़े। उन्होंने चेताते हुए कहा कि आंदोलनकारी किसान का रास्ता लाठी तथा गोली नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि वे महात्मा गाँधी के आदर्शों को मानने वाले हैं और उन्हीं के सिद्धांत को अपनाकर अपनी आवाज को बुलंद करेगें। इसके बाद इससे संबंधित ज्ञापन भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष संजीव चौधरी, लोकेंद्र सिंह डोडवाल, धर्मवीर सिंह, विमल कुमार, संदीप सिंह, विशाल चौधरी आदि किसानों ने प्रभारी निरीक्षक नहटौर जय कुमार को सौंपा।


















