घास काटने गई महिला पर गुलदार ने मारा झपट्टा,किया लहूलुहान

रामनगर /उत्तराखंड (रिजवान अहसन ),,, शुक्रवार की सुबह तराई पश्चिमी वन प्रभाग की रामनगर रेंज के अंतर्गत ग्राम गोबरा क्षेत्र में जंगल में घास काटने गई एक महिला पर अचानक गुलदार ने हमला बोलते हुए उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए ग्राम कालु सिद्ध नई बस्ती निवासी रमेश चंद्र ने बताया कि उसकी 52 वर्षीय भाभी प्रभादेवी गांव की कुछ अन्य महिलाओं के साथ सुबह घास काटने गई थी इसी बीच गुलदार ने हमला बोल गंभीर रूप से घायल कर दिया। साथ में मौजूद महिलाओं ने जब शोर मचाया तो गुलदार प्रभादेवी को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से भाग गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजन और अन्य ग्रामीणों की मदद से घायल प्रभा को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में गुलदार के आतंक को लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। घटना के बाद विभाग के अधिकारियों ने मौके पर वन कर्मचारीयों की गश्त शुरू कर दी है तथा ग्रामीणों से अकेले जंगल में न जाने की अपील की है।


















