आगामी 30 सितम्बर से आयेाजित होने वाली भव्य श्रीराम कथा के संबंध में की प्रेसवार्ता

मैनपुरी। शहर के विद्यालय सुदिती ग्लोबल एकेडमी में आगामी 30 सितम्बर से आयेाजित होने वाली भव्य श्रीराम कथा के संबंध में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
मैनपुरी शहर में प्रेममूर्ति पूज्य प्रेमभूषण महाराज जी के श्री मुख से श्रीराम कथा का आयोजन विद्यालय सुदिती ग्लोबल एकेडमी में होने जा रहा है। यह नौ दिवसीय श्रीराम कथा दिनांक 30 सितम्बर से प्रारंभ होकर 8 अक्टूबर तक चलेगी। परिसर में हर रोज दस हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
मैनपुरी जिले में नव दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का यह प्रथम आयोजन है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डा0 राम मोहन ने बताया कि सुदिती ग्लोबल एकेडमी, मैनपुरी के परिसर में 30 सितम्बर से प्रतिदिन अपरान्ह 3.30 बजे से 7 बजे तक श्रोतागण श्रीराम कथा का रसपान कर सकेंगे। श्री रामचरित मानस की कथा के महत्व के बारे में बताते हुये विद्यालय के प्रधानाचार्य डा0 राम मोहन ने कहा कि श्रीराम कथा हमें जीवन का संयोजन करना सिखाती है। श्री राम कथा हमें बताती है कि त्याग का हमारे जीवन में क्या महत्व है और सत्य व परम सत्य क्या है, इन दोनों का जीवन में कैसे संयोजन किया जाए और उसके अनुकरण से जीवन कैसे सुन्दर एवं सुफल हो सकता है। श्रीराम कथा का महत्व केवल धार्मिक कर्मकांड तक ही सीमित नहीं है वरन् जीवन के प्रत्येक क्षेत्र एवं परिस्थिति में राम कथा एक आदर्श व्यवहार का मार्ग हमें बताती है। एक भाई का भाई के प्रति, पुत्र का पिता के प्रति, पति का पत्नि के प्रति एवं राजा का प्रजा के प्रति, मित्र का मित्र के प्रति आदर्श व्यवहार कैसा हो यह सब राम कथा माध्यम से बहुत ही अच्छी तरह से समझा जा सकता है। रामकथा एवं मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का चरित्र, पारिवारिक समस्याएं, सामाजिक जिम्मेदारियों का महत्व समझाती है। इसलिये समकालीन सामाजिक परिवेश में जब पारिवारिक एवं सामाजिक बंधनों के कमजोर होने की आशंका नित्य ही बनी हुयी है, श्री राम कथा का श्रवण एवं मनन मानव मात्र के लिये आशा की एक प्रखर ज्योति के समान निरन्तर प्रवाहमान है।
आईरा न्यूज़ नेटवर्क से सुबोध कुमार की रिपोर्ट
















