
बिजनौर – अफजलगढ़ में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने जा रहे भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत का नहटौर पहुंचने पर स्थानीय यूनिट के पदाधिकारियों ने पुष्प मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने गणपति मार्केट में लगे कांवड़ती सेवा शिविर में कांवड़तियों को फलों का वितरण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी के लिये भी सेवा का भाव सर्वोपरि होना चाहिए और लोगों की सेवा करने का मौका जहाँ भी मिले उससे चूकना नहीं चाहिए। उन्होंने स्थानीय पदाधिकारियों से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने में सहयोग करने व कांवडतियों की मनोभाव से सेवा करने की अपील की।
रविवार को अफजलगढ़ में बाबा कश्मीर सिंह भूरीवालों के प्रेमपुरी स्थित डेरे पर जत्थेदार बाबा जग्गा सिंह के सौजन्य से धन धन बाबा दीप सिंह शहीद के शहीदी दिवस पर हर साल होने वाली राष्ट्रीय स्तर की कब्बड़ी प्रतियोगता में मुख्य अथिति के रूप में शिरकत करने जा रहे भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत का काफिला क्षेत्र के गाँव कोकापुर के सामने पहुंचने पर जिला संरक्षक मा.विजयपाल सिंह, जिला महासचिव नरदेव सिंह, महेन्द्र प्रधान व युवा ब्लॉक अध्यक्ष रोहित राणा के नेतृत्व में स्थानीय भाकियू पदाधिकारियों ने फूलमालाएं पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
तदुपरांत वे अपने काफिले के साथ नगर स्थित गणपति मार्केट में लगे कांवड़ती सेवा शिविर में पहुंचे तथा कांवड़तियों को फलों का वितरण किया। इस दौरान संक्षिप्त पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त नहीं किया है अपितु स्थगित किया था क्योंकि बिल बापसी के अतिरिक्त किसानों की अन्य भी माँगें है जिन पर बात-चीत करने के लिये सरकार ने कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि सरकार अपने वादे से मुकर रही है। इसके लिये संयुक्त किसान मोर्चा 13 मार्च को पुन: आंदोलन शुरू करने पर फैसला लेगा।
उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव के संबंध में पूछे गये सवाल पर कहा कि जिसे जहाँ वोट करना था कर दिया है। भाजपा को निश्चित रूप से किसानों की नाराजगी से नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि मतगणना के समय सभी सजग रहे क्योंकि मतगणना में गड़बड़ी की जा सकता है। इसके लिये 9 मार्च से ही सजग रहना होगा ताकि किसी को गड़बड़ी का मौका न मिले। इस अवसर पर भाकियू के ब्लॉक महासचिव अरुण चौधरी, रिंकू राठी, हरगोविंद सिंह, सुभाष कुमार, अंकित चौधरी, अमित कुमार, देवेंद्र चौधरी, रवि शेखर तोमर, धर्मेंद्र चौधरी, पुष्पेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे। वहीं उनके काफिले में युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगम्बर सिंह, प्रांतीय नेता बाबूराम तोमर आदि सम्मलित रहे।






