लंबी दूरी की यात्रा के लिए स्वदेशी वंदे भारत स्लीपर संस्करण तैयार,260 ट्रेन सेटों के निर्माण की योजना- अश्विनी वैष्णव

बागपत रोड स्टेशन को 28 रेलगाड़ी सेवाओं से सीधी संपर्कता – रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
हाई स्पीड रेल नेटवर्क के विस्तार हेतु दिल्ली वाराणसी सहित सात नए गलियारों की घोषणा
वाराणसी :- केंद्रीय रेल,सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में बागपत के सांसद डॉ.राजकुमार सांगवान द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में वंदे भारत स्लीपर संस्करण,बागपत रोड स्टेशन की रेल सेवाओं तथा हाई स्पीड रेल परियोजनाओं की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी | रेल मंत्री ने बताया कि लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस के स्लीपर संस्करण को पूर्णतः स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित किया गया है इस श्रेणी की दो रेलगाड़ियां निर्मित की जा चुकी हैं | व्यापक परीक्षणों के उपरांत ये रेलगाड़ियां वर्तमान में हावड़ा और कामाख्या के बीच परिचालित हैं उन्होंने अवगत कराया कि कुल 260 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनसेटों के निर्माण की योजना है उन्होंने बताया कि इन ट्रेनसेटों में सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक संरक्षा और यात्री सुविधाएं प्रदान की गई हैं इनमें झटका- मुक्त सेमी परमानेंट कपलर एवं एंटी क्लाइम्बर,‘कवच’ प्रणाली,180/160 किमी प्रति घंटा की डिजाइन/परिचालन गति,ईएन मानकों के अनुरूप दुर्घटना रोधी कारबॉडी डिजाइन,प्रत्येक कोच में अग्नि अवरोधक दरवाजे,विद्युत कैबिनेट एवं शौचालयों में एरोसोल आधारित अग्नि संसूचन एवं शमन प्रणाली,ऊर्जा दक्षता हेतु रिजेनरेटिव ब्रेकिंग प्रणाली तथा एयरकंडीशनिंग इकाइयों में यूवी-सी लैंप आधारित विसंक्रमण प्रणाली शामिल हैं जो 99 प्रतिशत तक हानिकारक बैक्टीरिया को निष्क्रिय करने में सक्षम है |
इसके अतिरिक्त केंद्रीय रूप से नियंत्रित स्वचालित प्लग दरवाजे,सीलबंद चौड़े गैंगवे,सभी कोचों में सीसीटीवी, आपातकालीन टॉक-बैक इकाई,दिव्यांग यात्रियों हेतु विशेष शौचालय,केंद्रीकृत कोच मॉनिटरिंग प्रणाली तथा ऊपरी शायिकाओं हेतु एर्गोनॉमिक सीढ़ियां जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं | रेल मंत्री ने कहा कि इन ट्रेनसेटों में नवीनतम मानकों के अनुरूप प्रणोदन प्रणाली और ‘कवच’ का उपयोग किया गया है | प्रणाली एकीकरण,कारखाना स्वीकृति परीक्षण, स्थानीय प्रशिक्षण तथा वार्षिक अनुरक्षण इनका अभिन्न हिस्सा हैं |
रेल मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि वर्तमान में बागपत रोड स्टेशन 28 रेलगाड़ी सेवाओं द्वारा सेवित है जो दिल्ली,हरिद्वार,सहारनपुर सहित अनेक प्रमुख शहरों से सीधी संपर्कता प्रदान करती हैं उन्होंने कहा कि नई रेलगाड़ी सेवाओं जिनमें वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है,का परिचालन एक सतत प्रक्रिया है,जो संबंधित खंड की क्षमता,पथ की उपलब्धता,आवश्यक चल स्टॉक, उपयुक्त अवसंरचना तथा रेलपथ एवं परिसंपत्तियों के अनुरक्षण की आवश्यकताओं जैसे कारकों पर निर्भर करती है |
हाई स्पीड रेल परियोजनाओं की प्रगति पर जानकारी देते हुए रेल मंत्री ने बताया कि 508 किलोमीटर लंबी मुंबई अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना जापान सरकार की तकनीकी एवं वित्तीय सहायता से कार्यान्वित की जा रही है | इसके अतिरिक्त,हाई स्पीड रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए भारत सरकार ने दिल्ली –वाराणसी सहित सात नए हाई स्पीड रेल गलियारों की घोषणा की है जिनके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है उन्होंने कहा कि हाई स्पीड रेल परियोजनाएं अत्यधिक पूंजी-गहन होती हैं और किसी भी नई परियोजना पर निर्णय तकनीकी,वित्तीय एवं आर्थिक व्यवहार्यता, संभावित यातायात मांग तथा वित्तपोषण विकल्पों की उपलब्धता जैसे विभिन्न मानकों के व्यापक मूल्यांकन के उपरांत ही लिया जाता है ||


















