युवक पर गुलदार ने हमला कर उतारा मौत के घाट, ग्रामीण डीएफओ के खिलाफ मुकदमा लिखावाने अड़े

जनपद बिजनौर आईरा न्यूज़ नेटवर्क से विकास अग्रवाल
बिजनौर/ नगीना । जंगल में चारा काटने गए एक 20 वर्षीय युवक को गुलदार ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया युवक के साथ उसके पिताजी भी गुलदार के साथ संघर्ष करते रहे लेकिन गुलदार ने युवक के पेट पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक वन विभाग के डीएफओ के खिलाफ मुकदमा नहीं लिखा जाएगा तब तक मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जाएगा।
थाना क्षेत्र के ग्राम तेलीपुरा निवासी जयविंदर सिंह व उनका पुत्र 20 वर्षीय संदीप जलालपुर गांव के पास अपने खेत में शाम करीब 5:00 बजे चारा काटने के लिए गए थे। चारा काटते समय बराबर में गन्ने के खेत से निकलकर गुलदार ने संदीप पर हमला बोल दिया और उसे लगभग 50 मीटर खींचकर गन्ने के खेत में ले गया। जब तक उसके पिताजी कुछ समझ पाते तुरंत चारा काटने वाली दरांती लेकर पीछे-पीछे दौडे तब तक गुलदार ने उसके पेट पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। जयविंदर ने रोते बिलखते उसकी सूचना गांव में दी सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों व मृतक के परिजनों का कहना है कि जब तक वन विभाग के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती तब तक मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जाएगा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक शव पुलिस को नही उठाने दिया और भारी भीड़ मौके पर जमा थी।
ज्ञात रहे कि 1 साल पहले आकाशीय बिजली गिरने से इसी परिवार के युवा जिला महासचिव ललित तेलीपुरिया की खेत में ही मृत्यु हो गई थी और आज भाकियू के युवा जिला महासचिव के चाचा के बेटे संदीप को गुलदार ने बुरी तरह हमला करते हुए मौत के घाट उतार कर परिवार पर पहाड़ ढा दिया हैं। घटना से पूरा गांव शोक व क्रोध में डूबा हुआ है।


















