मनरेगा के काम की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर दस हजार रुपये की घूस लेने में ग्राम पंचायत अधिकारी गिरफ्तार

घूस लेने में ग्राम पंचायत अधिकारी गिरफ्तार
प्रयागराज, – भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने गुरुवार को श्रृंग्वेरपुर में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी लवलेश कुमार पांडेय को दस हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है उसके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। आरोप है कि वह शिकायतकर्ता ग्राम प्रधान उदय सिंह निवासी भीटी पट्टी रजईपुर आनापुर से मनरेगा के काम की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर दस हजार रुपये की घूस मांग रहा था। प्रधान ने इसकी शिकायत 16 अक्तूबर को एंटी करप्शन में की थी।
एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को पूरी तैयारी की प्रधान के जरिए आरोपित ग्राम पंचायत अधिकारी को घूस लेने के सिविल लाइंस बुलाया गया। सिविल लाइंस में कानपुर रोड पर यात्री शेड के पास प्रधान से दस हजार रुपये घूस लेते हुए टीम ने ग्राम पंचायत अधिकारी को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक 2017 में आरोपित को ग्राम पंचायत अधिकारी की नौकरी मिली थी।






