बारात से लौट रहे युवकों की बाइक में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की दर्दनाक मौत दूसरा घायल

आईरा न्यूज़ नेटवर्क नहटौर से महकार सिंह तोमर
बिजनौर/ नहटौर। बारात में गये युवकों की बाइक में लौटते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को गंभीर अवस्था में सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। नहटौर क्षेत्र के गाँव ढकौली निवासी अमर सिंह के पुत्र सतीश कुमार की बारात की बारात गुरुवार को रायपुर थाना क्षेत्र के गाँव पूरनपुर गई थी। बारात में सम्मिलित होने के लिये गाँव के ही मुकेश पुत्र स्व.रामसरन (33 वर्ष) तथा रवि पुत्र गजराज सिंह बाइक द्वारा गये थे। बताया जाता है कि वहाँ से दोनों युवक गाँव टांडा अपनी रिश्तेदारी में चले गये। सायं करीब पौने छ: बजे टांडा से लौटते वक्त जब वे लालपुर के पुल के पास आये तो उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक चालक मुकेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि उसका साथी रवि गंभीर रुप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को नगीना सीएचसी में भर्ती कराया। साथ ही मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है तथा गाँव में शोक की लहर फैल गई है। वहीं शादी की खुशियाँ मातम में बदल गईं है।


















