बाढ़ प्रभावित सिक्किम की अनदेखी कर रही मोदी सरकार- कांग्रेस

बाढ़ प्रभावित सिक्किम की अनदेखी कर रही मोदी सरकार- कांग्रेस
मोदी सरकार तत्काल राज्य सरकार की मदद करे- कांग्रेस
नई दिल्ली,
कांग्रेस ने मोदी सरकार पर प्राकृतिक आपदा प्रभावित सिक्किम की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से सिक्किम की जनता भारी संकट में है, मगर मोदी सरकार सिक्किम की मदद करने के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है। कांग्रेस ने मांग करते हुए कहा कि मोदी सरकार तत्काल राज्य सरकार की मदद करे।
नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए कांग्रेस संसदीय दल के उपनेता और पार्टी प्रवक्ता गौरव गोगोई ने कहा कि सिक्किम में आई प्राकृतिक आपदा से करीब 25 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। करीब 7,600 लोग बेघर हो चुके हैं, 80 लोगों की जान जा चुकी है और लगभग तीन हजार पर्यटक अभी भी फंसे होने के समाचार आ रहे हैं। सिक्किम में करीब 28 राहत शिविरों में 6,800 लोग रह रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-10 क्षतिग्रस्त हो चुका है और सेना के 23 जवानों का अता-पता नहीं है, तथा आठ जवानों के शव मिल चुके हैं। इसके बावजूद मोदी सरकार सिक्किम की जमीन पर सक्रिय क्यों नहीं है।
गौरव गोगोई ने कहा कि सिक्किम के लोग पूछ रहे हैं कि एनडीआरएफ की टीम को प्रभावित इलाकों में पहुंचने में देरी क्यों हो रही है। उत्तर सिक्किम में 14 पुल टूट चुके हैं, वहां के लोग आज अंधकार में जीने को मजबूर हैं। लोगों को घर और अस्पताल जाने में परेशानी हो रही है।
गौरव गोगोई ने भारत की सुरक्षा पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि उत्तर सिक्किम का इलाका भारत की सीमा से सटा हुआ है। सीमा के उस पार विदेशी ताकतों की सेना तैनात हैं, जो हर दिन हमारी सीमा के अंदर घुसने का प्रयास करती हैं। इसके बावजूद मोदी सरकार तत्परता नहीं दिखा रही है। उन्होंने पूछा कि मोदी सरकार का एक भी वरिष्ठ मंत्री आज तक सिक्किम नहीं गया, गृह मंत्री के पास समय नहीं है और प्रधानमंत्री मोदी तो चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।
गौरव गोगोई ने याद दिलाया कि जब चुनाव आते हैं, तब प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह जी सब जगह दिखाई देते हैं। लेकिन जब भी उत्तर पूर्वांचल में कोई मुश्किल आती है तो प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह जी गायब हो जाते हैं।
गौरव गोगोई ने सिक्किम की जनता की नाराजगी का हवाला देते हुए कहा कि वे आज केन्द्र सरकार से उदास और मायूस हैं तथा मदद की अपेक्षा कर रहे हैं। एक इमरजेंसी ऑपरेशन केंद्र सरकार की तरफ से होना चाहिए था, लेकिन यह तभी होता अगर सरकार तत्परता दिखाती। कांग्रेस की मांग है कि मोदी सरकार तत्काल राज्य सरकार की मदद करे। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान 2011-12 में जब सिक्किम में भूकंप आया था, तब पूरा देश मदद करने के लिए एकजुट हो गया था।


















