नाटक में उत्कृष्टता का एक दशक: “सह-अस्तित्व” विषय के साथ मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, काहिलीपारा द्वारा 2023-24 के लिए 10 वीं अंतर-स्कूल नाटक प्रतियोगिता की घोषणा


गुवाहाटी, 8 नवंबर: काहिलीपारा के म़ॉडर्न स्कूल में जल्द ही 10वीं इंटर-स्कूल ड्रामा प्रतियोगिता शुरू होने जा जा रही है।
शैक्षणिक वर्ष 2023-24 की यह प्रतियोगिता 11 नवंबर को मासखोवा में स्थित प्रागज्योति आईटीए सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स के ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी। यह वार्षिक कार्यक्रम युवा प्रतिभाओं और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है। इसके अलावा यह कार्यक्रम छात्रों को अपने नाटकीय कौशल सबके सामने रखने का खास मंच देता है। इस बार प्रतियोगता का विषय “को-एक्जिस्टेंस” यानी सह-अस्तित्व रखा गया है।
सह-अस्तित्व विषय को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के छात्र भाग लेंगे। इससे अलग-अलग स्कूलों के छात्र एक मंच पर आएंगे जिससे उन्हें सह-अस्तित्व के विषय के बारे में गहराई से जानने और समझने का मौका मिलेगा। इस विषय को सोच-समझकर चुना गया है ताकि छात्रों को दूसरों के साथ मिलजुल कर रहने, विविधता को अपनाने और एक-दूसरे से जुड़ी दुनिया से उत्पन्न होने वाली चुनौतियों और लाभ के बारे में सोच-समझ विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
इस प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूल जैसे शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल, मारिया पब्लिक स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल, असम जातीय विद्यालय, काजीरंगा इंग्लिश एकेडमी, पूव गुवाहाटी हाई स्कूल और न्यू फाटासिल हाई स्कूल भाग लेंगे।
इस अवसर पर मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, काहिलीपारा की प्रिंसिपल श्रीमती जोनाली दास ने कहा, “इस साल की इंटर-स्कूल ड्रामा प्रतियोगिता बहुत खास है क्योंकि हम इसके 10वें संस्करण का उत्सव मना रहे हैं। हमारी पिछले एक दशक की यात्रा शानदार रही है और हम यह देखने के लिए उत्साहित है कि हमारे प्रतिभागी अपने बेहतरीन प्रदर्शन से इस शानदार पड़ाव पर कैसी छाप छोड़ेंगे।”
उल्लेखनीय है कि मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, काहिलीपारा पिछले एक दशक से गुवाहाटी क्षेत्र के स्कूलों को आमंत्रित करके इंटर-स्कूल ड्रामा प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है, जिससे नाट्य संस्कृति का एक सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है। इसके अलावा स्कूल ने गुवाहाटी के विभिन्न स्कूलों के सहयोग से राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, दिल्ली के प्रशिक्षित प्रशिक्षकों की मदद से कई स्कूलों में नाटक से संबंधित वर्कशॉप आयोजित की हैं।
नई शिक्षा नीति के अनुसार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें प्रारंभिक स्तर से ही शिक्षा के सभी पहलुओं जैसे कि नाट्य कला से अवगत कराना आवश्यक है। इंटर-स्कूल ड्रामा प्रतियोगिता के माध्यम से स्कूल द्वारा मृदुला बरुआ, नीलू चक्रवर्ती, भागीरथी, नयन प्रसाद, रबीजिता गोगोई, संजीब हजारिका, अरुण हजारिका, चेतना दास जैसे प्रमुख अभिनेताओं को सम्मानित किया जा चुका है।


















