डीजे पर डांस को लेकर बार वधु पक्ष में जमकर हुई मारपीट,एक दर्जन घायल

रूद्रपुर /उत्तराखंड (रिजवान अहसन) मौहल्ला रविन्द्रनगर में आयोजित वैवाहिक समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों द्वारा वर पक्ष के लोगों के साथ जमकर मारपीट कर दी गई। जिससे मौके पर अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। महिलाओं की मदद के लिए चीखने चिल्लाने की आवाजें आने लगी। मारपीट की इस घटना में महिलाओं सहित करीब एक दर्जन लोगों को चोटें आ गईं। इधर घायल महिलाओं ने हमलावर युवकों पर मोबाईल व पहने हुए जेवर भी लूट ले जाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को तितर बितर कर सभी घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय भिजवाया। जानकारी के अनुसार गैस एजेन्सी किच्छा निवासी सन्नी का विवाह मौहल्ला रविन्द्र नगर निवासी संगीता पुत्री राजेन्द्र के साथ तय हुआ था। गत रात्रि करीब साढ़े आठ बजे वर पक्ष के लोग श्याम टाकीज रोड़ पर वधू के आवास पर बारात लेकर आये हुए थे। कार्यक्रम में डीजे भी बज रहा था और कुछ युवक डीजे पर डांस कर रहे थे। जब वर पक्ष के लोग वधू पक्ष के लिए लाये शगुन का सामान खोल रहे थे इसी दौरान डीजे पर डांस कर रहे युवकों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते वहां मारपीट शुरू हो गई कुछ युवकों ने लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें दौड़ा दौड़ा कर मारने लगे। जिससे वहां अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। महिलाएं मदद को चीखने चिल्लाने लगीं। मारपीट की इस घटना में वर पक्ष के शिवनगर निवासी राजन पुत्र चन्द्रसेन, सुनहरी कालोनी किच्छा निवासी राजा सागर पुत्र चन्द्रपाल, गैस ऐजेंसी रोड़ किच्छा निवासी दीपक पुत्र करन सिंह, विक्की पुत्र सुन्दरलाल, पवन पुत्र सुन्दर लाल, सुनीता पत्ली लालता प्रसाद, उसकी पुत्रियां शिवानी, कविता, खुशबू, किरन सहित अन्य लोग व दूसरे पक्ष के विशाल पुत्र अरूण वर्मा, अभिषेक पुत्र लालू वर्मा, आशू पुत्र संदीप वर्मा आदि शामिल हैं। वहींे वर पक्ष की महिलाओं ने हमलावर युवकों पर हाथ से मोबाईल, नगदी व पहने हुए जेवर भी लूट ले जाने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर आ पहुंचे और उन्होंने दोनों पक्षों को तितर बितर कर शांत कराया तथा मामले की विस्तार से जानकारी लेकर सभी घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय भिजवाया। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष द्वारा पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी तथा सभ्रांत लोग दोनों पक्षों में सुलह कराने का प्रयास कर रहे थे। बारात जब वधू के रविन्द्र नगर स्थित आवास के गेट के पास पहुंची तो सज धज कर बुग्गी पर बैठे दुल्हे के आगे बाराती बैंड बाजे की धुन पर डांस कर रहे थे। इसी बीच बुग्गी के दोनों घोड़े अचानक लड़खडाकर गिर गये। जिस पर दूल्हे ने किसी तरह खुद को गिरने से बचा तो लिया लेकिन मौके पर अफरा तफरी मच गई। काफी प्रयासों के बाद भी दोनों घोड़ों को उठाया गया। इस घटना को कुछ लोगों ने अपशगुन भी माना। लेकिन इस बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। पर बारात के वधू के घर प्रवेश करने के कुछ देर बाद ही मारपीट की घटना हो गई।


















