गांव भोगपुर में13 वर्षीय किशोर को गुलदार ने बनाया निवाला!

अफजलगढ़़। थाना क्षेत्र के गांव भोगपुर में एक 13 वर्षीय किशोर को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। किशोर की मौत से ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है। इससे पूर्व में भी आठ माह के अंदर गुलदार जिले भर में 14 लोगों को मौत के घाट उतार चुका है। यह जनपद में 15वी मौत है। बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के ग्राम भोगपुर निवासी करन सिंह उम्र 13 वर्ष पुत्र अमरजीत सिंह सोमवार को पशुओं को चराने के लिये रामगंगा नदी किनारे स्थित खेतो पर गया था। जहाँ पर उसके दादा फोज्जा सिंह भी पोते के साथ साथ बकरी चरा रहे थे। बकरी चराने व पशुओं का चारा लेकर दोनों दादा पोते देर शाम वापस लौट रहे थे उसी समय शिकार के इंतजार में घात लगाए बैठे गुलदार ने पशुओं को लेकर वापस लौट रहे किशोर करन पर हमला बोल दिया। गुलदार के हमले से करन के सर एवं गले पर गम्भीर चोट के कारण करन की मौके पर ही मौत हो गई। गुलदार ने जिस समय करन पर हमला किया उस समय करन घर के नजदीक पहुँच चुका था। घर से करीब सात सौ मीटर की दूरी पर गुलदार के हमले में करन की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मोके पर पहुँचे तब तक गुलदार करन को मौत के घाट उतार चुका था। करन की मौत से ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त हो चुका है। बताते चले कि गुलदार के हमले में अब तक जिले भर में 15 मोते हो चुकी है। जिसके चलते हुए गुलदार को शासन द्वारा नरभक्षी घोषित किया जा चुका है। भोगपुर ग्राम प्रधान मंगत सिंह ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बढ़ापुर सुदेशपाल सिंह,अफजलगढ़़ थानाध्यक्ष हम्बीर सिंह जादौन, शेरकोट कोतवाल किरनपाल सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि देर शाम करीब साढ़े नौ बजे तक भी वन विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नही पहुँच पाया था। जिस कारण ग्रामीणों में आक्रोश है।


















