एचसीएस की लिखित परीक्षा को नकलरहित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन दृढ़ संकल्प: उपायुक्त अनीश यादव।

हरियाणा सेवा आयोग की एचसीएस की लिखित परीक्षा को नकलरहित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन दृढ़ संकल्प, सभी आवश्यक तैयारियां पूरी : उपायुक्त अनीश यादव।
एचसीएस की लिखित परीक्षा 24 जुलाई को, जिले के 47 परीक्षा केन्द्रों में होगी परीक्षा, जिला में 14 हजार 664 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
करनाल 22 जुलाई, उपायुक्त अनीश यादव ने 24 जुलाई को आयोजित होने वाली हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा एचसीएस की लिखित परीक्षा को नकलरहित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने के उद्देश्य से ड्यूटी मैजिस्ट्रेट तथा परीक्षा केन्द्र अधीक्षक की संयुक्त बैठक ली और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस बैठक में एचपीएससी के सदस्य जय भगवान गोयल, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया, करनाल के एसडीएम एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी अनुभव मेहता, एमडी शुगरमिल डा. पूजा भारती, नगराधीश मयंक भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी राजपाल चौधरी विशेषतौर से उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि आगामी 24 जुलाई को हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा एचसीएस की लिखित दो सत्रों में आयोजित होगी। प्रात:कालीन सत्र 10 बजे से 12 बजे तथा सायंकालीन सत्र 3 बजे से 5 बजे तक रहेगा। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश का समय सुबह के सत्र में प्रात: 9.50 बजे तक रहेगा। इस परीक्षा के लिए जिले के 36 शिक्षण संस्थानों में 47 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं जिन पर करीब 14 हजार 664 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रशासन द्वारा इन परीक्षा केन्द्रों के लिए 6 ओवर ऑल इंचार्ज व 14 ड्यूटी मैजिस्ट्रेट कम फ्लाईंग स्कवॉयड ऑफिसर की नियुक्ति की गई है। यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन पूरी तरह से दृढ़ संकल्प है।
उपायुक्त ने परीक्षा केन्द्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों में परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करवाना सुनिश्चित करें। विशेषतौर से बिजली, पानी, सुलभ शौचालय का समुचित प्रबंध हो। इसके अलावा प्रत्येक कमरे में दीवार घड़ी भी अवश्य लगवाएं ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा की समयावधि के बारे में जानकारी रहे। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र के अंदर मोबाईल का प्रयोग केवल परीक्षा केन्द्र अधीक्षक ही कर सकेंगे बाकि स्टाफ अपना-अपना मोबाईल सुबह ही स्कूल में जमा करवाएंगे। परीक्षा केन्द्र स्टाफ के पास उनका आई कार्ड का होना जरूरी है, तथा वह गले में डला होना चाहिए। स्कवॉड फ्लाईंग, ड्यूटी मैजिस्ट्रेट, जिला प्रशासन के उच्च अधिकारी तथा एचपीएससी के प्रतिनिधि द्वारा निरीक्षण के दौरान बिना आई कार्ड के पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। एचपीएससी की ओर से सीसीटीवी कैमरे तथा जैमर भी लगवाए जाएंगे। सभी परीक्षा केन्द्र अधीक्षक परीक्षा की निगरानी के लिए एलईडी स्क्रीन उचित स्थान पर लगवाएं। बॉयोमैट्रिक हाजिरी के लिए मशीन भी आयोग की ओर से उपलब्ध करवाई जाएगी। परीक्षा केन्द्र में मोबाईल के ले जाने पर पूर्णत: पाबंदी रहेगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया ने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्र अधीक्षक पूरी सजगता के साथ अपने-अपने केन्द्रों पर कड़ी नजर रखें, किसी भी सूरत में पेपर लीक न होने पाए। इससे न केवल स्कूल, परीक्षा केन्द्र, प्रशासन बल्कि सरकार की छवि भी खराब होती है। इन सब चीजों से बचने के लिए सभी अधिकारी व कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी का निर्वहन ईमानदारी से करें। परीक्षा केन्द्र के आसपास पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा बल तैनात किया जाएगा जोकि कानून व्यवस्था तथा ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखेंगे, किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने एचपीएससी के सदस्य से अनुरोध किया कि परीक्षा केन्द्र में लगाए गए स्टाफ की सूची समय पर पुलिस को उपलब्ध करवाई जाए ताकि उनकी पहचान की जा सके।
इस अवसर पर एचपीएससी के सदस्य जय भगवान गोयल ने कहा कि एचसीएस की परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व नकलरहित सम्पन्न करवाने के लिए हरियाणा लोक सेवा आयोग कटिबद्ध है। इस बार आयोग द्वार ओएमआर शीट में बदलाव किया गया है, जिसमें ऑरिजीनल कॉपी व कार्बन कॉपी उपलब्ध करवाई जाएगी। ऑरिजीनल कॉपी आयोग के पास रहेगी तथा कार्बन कॉपी परीक्षार्थी अपने साथ ले जा सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षार्थी द्वारा प्रश्र पत्र में सभी प्रश्रों के उत्तर देना अनिवार्य है, अबकी बार 4 ऑप्शन के अलावा 5 ऑप्शन भी दिया गया है। परीक्षा निरीक्षक द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षार्थी ने शत-प्रतिशत प्रश्रों का उत्तर दिया है या नहीं।


















