नाबालिग से किया उसके ही सोतेले बाप ने दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्त में

कोटद्वार / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,,कोटद्वार से बेहद शर्मनाक और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ एक सौतेले पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद डरी-सहमी बालिका घर से निकल गई थी, जिसकी गुमशुदगी की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी को कोटद्वार कोतवाली में एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसकी बेटी सुबह घर से बिना बताए निकली थी और देर शाम तक वापस नहीं लौटी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की और दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बालिका 6 फरवरी की सुबह अपनी नानी के पास पहुँची थी। नानी ने पुलिस को बताया कि बालिका काफी डरी हुई थी और माता-पिता के साथ न रहने की इच्छा जता रही थी। इसके बाद नानी ने उसे सिगड़ी क्षेत्र में एक परिचित के यहाँ छोड़ दिया था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिगड़ी और कलालघाटी क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
बालिका को सुरक्षित माहौल में काउंसलिंग के लिए रखा गया। इसी दौरान उसने खुलासा किया कि 5 फरवरी की रात उसके सौतेले पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया था, जिसके भय से वह घर से भाग गई थी।
बालिका की तहरीर के आधार पर कोटद्वार कोतवाली में आरोपी सौतेले पिता के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को नजीबाबाद रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
























