एशियन ज़ू जित्सु चैंपियनशिप मेँ रुद्रपुर के खिलाड़ियों ने जीते पदक

रुद्रपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,श्रीलंका में 10 से 12 अप्रैल तक आयोजित साउथ एशियन जु-जित्सू चैंपियनशिप में रुद्रपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। श्री मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम, रुद्रपुर से जुड़े इन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। टीम के उभरते सितारे पार्थ सिन्हा ने बेहतरीन खेल कौशल दिखाते हुए जु-जित्सू स्पर्धा में स्वर्ण पदक और फाइटिंग सिस्टम में रजत पदक हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं, रौनक शर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जु-जित्सू और फाइटिंग सिस्टम दोनों में कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में पदक डाले।
इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे कोच कमल सिंह का अहम योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन, अनुशासन और कड़ी मेहनत ने खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुंचाया। कमल सिंह स्वयं 2022 में चीन में आयोजित एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश को गौरवान्वित कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में तैयार हुए खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जो उनके अनुभव और समर्पण को दर्शाता है।
इस उपलब्धि पर राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय कुमार जोशी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं डीएसओ जानकी कार्की ने भी खिलाड़ियों और कोच की सराहना करते हुए उनके निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं।
रुद्रपुर के इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। यह सफलता आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है।




























