तय सीमा में कार्य नहीं हुआ पूर्ण तो संबंधित संस्थाओं पर लगेगा जुर्माना

ड्राइंग डिजाइन का अप्रूवल मिलते ही अस्सी पार्किंग कार्य में युद्ध स्तर शुरू करने का निर्देश
विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के लिए श्रमिकों की संख्या में होगी वृद्धि, लापरवाही पर नपेंगे अधिकारी
जल निगम को नौ माह में काम पूरा करने का अल्टीमेटम,रामनगर की पेयजल योजना दिसंबर 2026 तक होगी तैयार
वाराणसी :- शहर की मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगर निगम सजग है इस क्रम में शहर के सभी विकास कार्यों को गति देने के लिए निगम टीम और श्रमिकों की संख्या (मैनपावर) बढ़ाने का निर्णय लिया है वहीं तय सीमा में कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित संस्थाओं पर जुर्माना लगेगा | महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में मंगलवार को वाराणसी स्मार्ट सिटी के सभागार में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान उक्त निर्देश दिए गए | महापौर ने दो टूक कहा कि जनता की सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं में देरी अब स्वीकार्य नहीं होगी | समीक्षा के दौरान अस्सी क्षेत्र में पार्किंग का मुद्दा प्रमुखता से उठा | महापौर ने निर्देश दिया कि बीएचयू से ड्राइंग डिजाइन का अप्रूवल मिलते ही कार्य में युद्ध स्तर पर तेजी लाई जाए | महापौर ने इसके लिए 30 अप्रैल तक का समय दिया है अन्यथा संस्था पर भारी पेनाल्टी लगाई जाएगी | इसी प्रकार जल निगम को निर्देशित किया गया कि वे आगामी नौ माह के भीतर अपने समस्त लंबित कार्यों को पूर्ण करें | रामनगर क्षेत्र के लिए विशेष निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि वहां जल निगम के कार्यों की तत्काल निविदा प्रक्रिया शुरू कर दिसंबर 2026 तक काम पूरा किया जाए |
बैठक में भेलूपुर स्थित 17.5 एकड़ भूमि पर पार्क और पार्किंग प्रोजेक्ट को लेकर भी चर्चा हुई जिसे 14 दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया है | शहर के अन्य महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स जैसे बेनियाबाग, पेट्रोल पंप और शिवपुर कांजी हाउस में बनने वाले कॉम्प्लेक्स के निर्माण में हो रही देरी पर भी महापौर ने नाराजगी जताई उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों के लिए पूरी तैयारी रखी जाए और विलंब की गुंजाइश न छोड़ी जाए | चितईपुर में नगर निगम की खाली जमीन पर जनोपयोगी प्रोजेक्ट बनाने और रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए | कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए उन्होंने म्युनिसिपल बॉन्ड के तहत होने वाले प्रोजेक्ट्स हेतु एक नोडल अधिकारी तैनात करने का आदेश दिया |
कार्य की गुणवत्ता पर जोर देते हुए महापौर ने मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि वह स्वयं निगरानी करें और कहीं भी लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें उन्होंने सीएम ग्रिड के कार्यों को समय पर पूरा करने और भिटकुरी कान्हा गौशाला निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए | महापौर ने अंत में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों की गति बढ़ाने के लिए जरूरत पड़ने पर मैनपावर और संसाधन बढ़ाए जाएं,लेकिन काम में देरी और गुणवत्ता में कमी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होगी |
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव,अमित कुमार,संयुक्त नगर आयुक्त जीतेंद्र कुमार आनंद,मुख्य अभियंता आर0के0 सिंह, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह,नगर स्वास्थ्य अधिकारी एस के चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे ||





