नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों ने पंचायत सचिवों पर लगाया अनदेखी करने करने का आरोप
बिजनौर: नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों ने पंचायत सचिवों पर उनकी अनदेखी करने तथा गांव में मास्क व सेनीटाइजर का छिड़काव न करने का आरोप लगाते हुए खंड विकास अधिकारी से पंचायत सचिवों की शिकायत की।
बुधवार को बीते त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में निर्वाचित हुई ग्राम पंचायत हुसैनपुर समसपुर की ग्राम प्रधान सीमा चौधरी, प्रधानपति प्रशांत कुमार, ग्राम पंचायत फलोदी के ग्राम प्रधान नरेश कुमार व खजूरा जट के प्रधान सत्येंद्र कुमार ब्लॉक आकू (नहटौर) के कार्यालय पहुंचे और खंड विकास अधिकारी ब्रजभूषण सिंह से मुलाकात कर आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण उन्होंने अभी शपथ ग्रहण नहीं की है। जिस कारण ग्राम पंचायत सचिव उन्हें ग्राम प्रधान नहीं मान रहे हैं।
उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों की शिकायत करते हुए कहा कि वह उन्हें नजर अंदाज कर खाते से पैसा निकाल रहे हैं। लेकिन उक्त पैसे को गांव के विकास कार्य में नहीं लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खाते से पैसा निकालने के बावजूद अभी तक गांव में न तो मास्क वितरित किए गए हैं और न ही सेनेटाइजर किया गया है। जिस पर खंड विकास अधिकारी ने उन्हें पूर्ण सम्मान दिलाने का आश्वासन देते हुए पंचायत सचिवों को ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर गांव का विकास कराने के आदेश दिए।
रिपोर्ट : महकार सिंह तोमर




























