AIRA NEWS NETWORK – महाराजा गंगा सिंह युनिवर्सिटी के सौ से ज्यादा स्टूडेंट्स को रविवार को राज्यपाल कलराज मिश्र ने वर्चुअल संबोधित किया। इस दौरान सौ से ज्यादा स्टूडेंट्स को गोल्ड मेडल व डिग्री दी गई। राज्यपाल ने जयपुर से ही कार्यक्रम में शामिल हुए जबकि स्टूडेंट्स को विश्वविद्यालय परिसर में रहे। जहां वाइस चांसलर प्रो. वी.के. सिंह ने मैडल व डिग्री सौंपे।
इस मौके पर राज्यपाल एवं कुलाधिपति कलराज मिश्र ने राज्य के विश्वविद्यालयों से शिक्षा की क्षेत्रीय आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ संस्थाओं के साथ समन्वय और सहभागिता करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को शैक्षणिक एवं शोध कार्यों के साथ ही खेलकूद के उच्चतम मानदण्डों को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं को विकसित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को अपने परिसर हरित एवं प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में भी तेजी से कार्य करना चाहिए। इसके साथ ही विश्वविद्यालयों में ग्रीन सोलर कॉरिडोर की क्षमता बढ़ाते हुए विद्युत क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर भी बढ़ना होगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वी.के. सिंह ने अपने स्वागत उद्बोधन में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शिक्षणेत्तर गतिविधियों एवं विकास कार्यों का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
दीक्षान्त समारोह में वर्ष 2019 की स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी की उपाधियां तथा सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। दीक्षान्त समारोह में सुश्री गुंजन तोदी को कुलाधिपति पदक, सुश्री मोनारानी मुंजाल को कुलपति पदक, सुश्री साक्षी पुरी को आई.सी.एस.आई. अवार्ड प्रदान किया गया।
राज्यपाल श्री मिश्र ने दीक्षान्त समारोह में विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित स्मारिका दीक्षा का लोकार्पण किया। समारोह के आरम्भ में राज्यपाल श्री मिश्र ने उपस्थितजनों को भारतीय संविधान की उद्देश्यिका एवं संविधान में वर्णित मूल कर्तव्यों का वाचन भी करवाया।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री राजेन्द्र सिंह यादव, नेल्सन इंस्टीट्यूट ऑफ एन्वायरमेन्टल स्टडीज़, यूनिवर्सिटी ऑफ विंस्कॉन्सिन, मेडिसन (यू.एस.ए.) के डायरेक्टर प्रो. पॉल रोबिन्स, राज्यपाल के प्रमुख सचिव सुबीर कुमार, प्रमुख विशेषाधिकारी गोविन्द राम जायसवाल, विश्वविद्यालय कार्य परिषद व विद्या परिषद के सदस्य भी उपस्थित रहे।


















