AIRA NEWS NETWORK – बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने मांग रखी है कि बजट 2022-23 में बीकानेर संभाग मुख्यालय के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में केमिकल इंजीनियरिंग विषय खोलने की घोषणा की जाए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लिखे पत्र में पूनिया ने कहा है सभी को पता है कि बीकानेर संभाग में तेल और प्राकृतिक गैस की बहुत संभावनाएं हैं। बीकानेर में कच्चे तेल के रखरखाव के लिए स्टोरेज सेंटर भी बनाया जाना प्रस्तावित है। बीकानेर जिले में तेल और गैस की खोज के लिए सर्वे का काम शुरू किया गया है।
बाड़मेर में पंचभद्रा रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल इंडस्ट्री में मिलेंगे रोजगार:
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि बीकानेर के पास बाड़मेर जिले में पंचभद्रा रिफाइनरी में रोजगार हासिल करने की सबसे ज्यादा सम्भावनाएं केमिकल इंजीनियरिंग सब्जेक्ट से जुड़ी हुई हैं।
बजट में बीकानेर पॉलिटेक्निक कॉलेज में केमिकल इंजीनियरिंग की घोषणा करें:
पूनिया ने कहा इसलिए मैं आपका ध्यान इस ओर दिलाना चाहता हूं कि बीकानेर संभाग के किसी भी गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में केमिकल इंजीनियरिंग सब्जेक्ट अभी नहीं पढ़ाया जा रहा है। ऐसे हालात में बीकानेर संभाग के स्टूडेंट केमिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा की पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। फिर उन्हें 400-500 किलोमीटर दूसरी जगहों पर पढ़ने के लिए जाना पड़ रहा है। इस कारण स्टूडेंट्स को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी जगहों के कॉलेजों में लिमिटेड सीट्स होने के कारण भी कई बार एडमिशन नहीं मिल पाता है।
उन्होंने कहा ऐसे स्टूडेंट्स जो केमिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करना चाहते हैं। वो जनप्रतिनिधियों से बीकानेर सम्भाग के पॉलिटेक्निक कॉलेज में यह सब्जेक्ट शुरू करने की लगातार मांग कर रहे हैं। इसलिए आग्रह है कि स्टूडेंट्स के हित को देखते हुए बजट 2022-23 में केमिकल इंजीनियरिंग सब्जेक्ट खोलने की घोषणा करें।


















