त्यौहार सीजन : बिजनौर शासन द्वारा उर्वरक विक्रेताओ के प्रतिष्ठानो व गोदामों मे छापामार कार्यवाही
AIRA NEWS NETWORK – बिजनौर शासन के निर्देश एवं जिलाधिकारी के आदेश के क्रम मे उर्वरक विक्रेताओ के प्रतिष्ठानो व गोदामों मे छापामार कार्यवाही गिरीश चन्द्र, उप क़ृषि निदेशक व प्रदीप कुमार सिंह सहायक आयुक्त/सहायक निबंधक सहकारिता, बिजनौर तथा डॉ. अवधेश मिश्र जिला क़ृषि अधिकारी व जितेंद्र कुमार जिला उद्यान अधिकारी की संयुक्त टीमो द्वारा की गयी। छापामार कार्यवाही के दौरान बिक्री केन्द्रो के अभिलेखो एवं स्टॉक की जाँच की गई और पॉस मशीन में उपलब्ध स्टॉक का मिलान गोदाम में रखे गए स्टॉक से किया गया।
इस छापामार कार्यवाही के दौरान कुल 31 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और 14 उर्वरक एवं 02 कीटनाशी रसायन के नमूने लिए गए। छापामार कार्यवाही के समय ओवर रेटिंग, कालाबाज़ारी, टैगिंग आदि का कोई प्रकरण प्रकाश मे नहीं आया। छापामार कार्रवाई के दौरान समस्त विक्रेताओं को सचेत करते हुए निर्देशित किया गया कि उर्वरकों का वितरण किसानों की कृषि योग्य भूमि और बोई गई फसल के सापेक्ष तत्कालीन आवश्यकता के अनुसार पोस मशीन से ही किया जाए तथा स्टॉक एवं वितरण पंजिका के साथ-साथ कृषकों द्वारा क्रय किए गए उर्वरकों का विवरण एक पृथक पंजिका में अनिवार्य रूप से रखा जाए जिसमें कृषक का नाम, पिता का नाम और पूर्ण पता, आधार नंबर, मोबाइल नंबर एवं क्रय किए गए उर्वरक की मात्रा, कृषि योग्य भूमि और बोई गई फसल आदि का विवरण अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए। उक्त कार्रवाई के दौरान पॉस मशीन के स्टॉक एवं गोदाम में रखे गए स्टाक में कोई अंतर नहीं पाया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी उर्वरक विक्रेताओं को हिदायत दी गयी कि सभी उर्वरक की बिक्री निर्धारित मूल्य पर ही की जाय तथा मुख्य उर्वरक के साथ किसी अन्य उर्वरक अथवा कीटनाशी रसायन आदि की टैगिंग किसी भी दशा मे न की जाय अन्यथा की दशा मे उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी किसान को उर्वरकों की अधिक सख्या में बिक्री ना की जाए और किसानों को उनकी आवश्यकता एवं जोत के आधार पर ही उर्वरक बेचा जाए और क्रेता किसानो को क्रय किए गए उर्वरक एवं कीटनाशक रसायनों की कैश मेमो रसीद अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।
विकास अग्रवाल की रिपोर्ट


















