बिजनौर में झमाझम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से कपड़ा फैक्ट्री में आग
बिजनौर – भीषण गर्मी के बाद आज सुबह शुरू हुई झमाझम वर्षा के दौरान कड़कड़ाती आकाशीय बिजली एक कपड़ा फैक्ट्री और जामा मस्जिद की मीनार पर गिर गई। घटनाओं में जहाँ कपड़ा फैक्ट्री में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया वहीं मस्जिद की मीनार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
मामला जनपद बिजनौर के नहटौर का है। जहाँ कई दिन की भीषण गर्मी के बाद आज सुबह अचानक काले बादल उमड आये और झमाझम वर्षा शुरू हो गई। इसी बीच आकाशीय बिजली कड़कडाने लगी तथा नगर के मौहल्ला सराय जोखा सिंह में अबरार अंसारी की कपड़ा फैक्ट्री में बने रोशनदान से होती हुई बुनाई मशीन से जा टकराई जिससे मशीन में आग लग गई। आग की चपेट में आने से मशीन के पास रखा पकड़ा भी जल गया। बिजली गिरने के दौरान होने वाली चमक व कड़कड़हाट से फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों में हड़कंप मच गया और वे वहाँ से भाग खड़े हुए। बाद में मौके पर पहुंचे लोगों ने आग को बुझाया।
घटना के संबन्ध में फैक्ट्री स्वामी अबरार ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने के कारण आग लगने से उसका लाखों रुपये का नुकसान हो गया। इसके अतिरिक्त आकाशीय बिजली नगर के मध्य में स्थित जामा मस्जिद की मीनार पर भी गिर गई जिससे मीनार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि मीनार नहीं गिरी अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं चमक के कड़कड़ाती बिजली को सुनकर क्षेत्रवासी भयभीत नजर आए।
महकार सिंह तोमर की रिपोर्ट


















