बिजनौर में परीक्षाफल में हुई धांधली को लेकर कॉलेज के प्रधानाचार्य का घेराव
AIRA NEWS NETWORK – अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने ए एन इंटरनेशनल स्कूल, बिजनौर के 12वीं तथा दसवीं कक्षा के प्रमोटेड परीक्षाफल में हुई धांधली को लेकर कॉलेज के प्रधानाचार्य का घेराव किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने स्कूल प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि परीक्षाफल में की गई धांधली पर उचित कार्यवाही नहीं होती है तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन को बाध्य होगी।
स्कूल के प्रमोटेड विद्यार्थी अपनी परीक्षाफल को लेकर असंतुष्ट हैं परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों का कहना है कि जो बच्चे लगातार कक्षा 01 से अपनी कक्षा के टॉपर बनते आ रहे हैं उनके अंक तो 50% है तथा जो बच्चे स्कूल के एवरेज विद्यार्थी हैं या पढ़ाई में कमजोर थे उनके अंक 80 से 95% तक हैं, विद्यार्थियों को समझ नहीं आ रहा है कि स्कूल ने किस आधार पर बच्चों को प्रमोट किया है, इस प्रकार से परीक्षाफल में की गई धांधलीबाजी को लेकर विद्यार्थियों में भारी रोष है तथा विद्यार्थियों के माता-पिता में भी भारी रोष व्याप्त है उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन ने बच्चों से पैसे लेकर तथा जो बच्चे स्कूल के अध्यापकों से ट्यूशन लेते थे उनको अधिक अंक दिए हैं जो कि हमारे बच्चों के साथ अन्याय हैं तथा उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
इस पर विद्यार्थी परिषद ने जब स्कूल के विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों के साथ कॉलेज के प्रधानाचार्य से वार्ता की तो कॉलेज के प्रधानाचार्य का कहना था कि यह अंक सीबीएसई ने स्वयं दिए हैं, वह हर बात से बचते नजर आए तथा कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है यदि कॉलेज प्रशासन परीक्षा फल के विषय में कोई संतोषजनक उत्तर नहीं देता है तो विद्यार्थी परिषद कड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन, शासन एवम् प्रशासन की होगी।
अभाविप कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्कूल प्रशासन ने पैसे लेकर जिन बच्चों के अंक 9 वीं एवम् 11वीं कक्षा में 50 % थे, उनके अंक 90% कर दिए है। जिन बच्चों के अंक 70 से 80% थे उनको 50% अंक मिले है। तहसील संयोजक आर्य वर्मा ने कहा की इस प्रकार शिक्षा का व्यापारीकरण स्कूल प्रशासन के द्वारा एक शर्मनाक कृत्य है। इसको कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान अभाविप के छात्र नेता मोहित राजपूत, तहसील संयोजक आर्य वर्मा, नगर सह मंत्री प्रथम चौधरी, अविनाश शुभम, अभिमन्यु, रितिक, दीपांशु, शुभम, आदित्य, कुलदीप, हर्षित, दिवाकर, आदि लोग उपस्थित रहे।


















