हाम्रो स्वाभिमान द्वारा नेपाली भाषा-साहित्य के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार की घोषणा
AIRA NEWS NETWORK – नेपाली भाषा-साहित्य, संस्कृति और परम्परा के संरक्षण संवर्धन के लिए वर्ष 2013 से कार्यरत हाम्रो स्वाभिमान ट्रस्ट ने इस वर्ष से राष्ट्रीय एवं विश्व स्तर पर नेपाली भाषा के संवर्धन संरक्षण और उच्चस्तरीय नेपाली साहित्य सृजन के लिए सक्रियता तथा प्रतिबद्धता पूर्वक कार्य करने वाले व्यक्तियों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। यह हाम्रो स्वाभिमान ट्रस्ट का नेपाली साहित्य सृजन और भाषा संरक्षण के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने वाले प्रमुख उपक्रमों में एक है।
यह घोषणा दिल्ली से इसी जुलाई महीने के 13 तारीख़ को नेपाली रामायण के रचयिता नेपाली आदिकवि भानुभक्त आचार्य जी की जयंती के उपलक्ष्य में की जाएगी जिससे लोगों में भाषा संस्कृति समुन्नायकों और सामाज-सुधारकों के प्रति सम्मान का भाव जगे और लोग उनसे प्रेरणा प्राप्त करें। नेपाली भाषा और साहित्य के क्षेत्र में राष्ट्रीय-पुरस्कार घोषित करने का मुख्य कारण दुनियाभर के नेपाली भाषी लोगों को अपनी भाषा, संस्कृति, और साहित्य के समृद्ध इतिहास के बारे में बताना और भाषा के माध्यम से अपनी संस्कृति सभ्यता तथा परम्पराओं में लोगों की रुचि बढाने का कार्य करना है।
ट्रस्ट के महामन्त्री प्रसिद्ध अधिवक्ता, लोकप्रिय समाजसेवी एवं सामाजिक अभियन्ता श्री प्रेमक्षेत्री ने भानु जयन्ती के उपलक्ष्य में भाषा-साहित्य और संस्कृति के संवर्धन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कारों की परिकल्पना की और इस पुरस्कारों को दो भागों में भाषा योद्धा एवं साहित्य सर्जक के रूप में प्रदान करने की घोषणा की।
वीरेन्द्र सुब्बा स्मृति साहित्य पुरस्कार नेपाली कविता के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए राष्ट्र के धरोहर प्रसिद्ध लेखक कवि स्वर्गीय श्री वीरेन्द्र सुब्बा जी के नाम में दिया जाएगा तथा हरिप्रसाद गोर्खा राई स्मृति पुरस्कार नेपाली लेखन के क्षेत्र में किए गए योगदान के लिए प्रसिद्ध कवि लेखक स्वर्गीय श्री हरिप्रसाद गोर्खा राई के नाम में दिया जाएगा! गोपीनारायण प्रधान स्मृति पुरस्कार नेपाली साहित्य सेवा के लिए व्यक्ति विशेष या संगठन द्वारा किए गए कार्यों के लिए प्रसिद्ध समाजसेवी एवं नेपाली भाषा विद्वान प्रोफ़ेसर गोपीनारायण प्रधान के नाम से दिया जाएगा।
इसी के साथ हर साल नेपाली भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण संवर्धन के क्षेत्र में किए गए कार्यों लिए एक विशिष्ट व्यक्ति को सबसे बड़े राष्ट्रीय सम्मान “नेपाली साहित्य सम्मान” से भी पुरस्कृत किया जाएगा ! इसके लिए अधिवक्ता श्री प्रेम क्षेत्री ने हाम्रो स्वाभिमान संस्था के केंद्रीय समिति से युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रसिद्ध कवि श्री युवराज भट्टराई एवं नोर्थ ईस्ट रीजन समिति की अध्यक्षा कवयित्री श्रीमती मंजुला तमांग के नेतृत्व में ५ सदस्यीय समिति का गठन किया।
जो पिछले २ महीने से पुरस्कार के लिए समर्हणीय व्यक्तियों के चयन कार्य में संलग्न थे । चयनित नामों की घोषणा भानु जयन्ती दिवस पर की जाएगी। इन पुरस्कारों का उद्देश्य नेपाली भाषा साहित्य और संस्कृति को स्थापित करने के लिए निरन्तर अपने कार्य से समाज पर अतिशय प्रभाव डालने वाले भाषा-संग्रामी एवं साहित्यसेवी व्यक्तियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत करना है। पुरस्कार स्वरूप अंग वस्त्र, स्मृति चिह्न, प्रमाणपत्र और मुद्रा दिया जाएगा।
नेपाली भाषा और साहित्य के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करने का उद्देश्य देश के कुछ श्रेष्ठ नेपाली भाषा संरक्षकों और नेपाली साहित्यकारों के अप्रतिम योगदान को पहचानने और सराहने के साथ नवयुवकों को रचनात्मक नेपाली साहित्य सृजन के लिए प्रेरित करना भी है ।
यह पुरस्कार ऐसे होनहार , प्रतिभाशाली नेपाली साहित्यकार तथा कर्त्तव्यनिष्ठ भाषा संरक्षक योद्धा के लिए प्रदान किया जाएगा जिन्होंने अपने अपने क्षेत्र में एक मिसाल कायम किया हो और जो युवापीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हों। जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता, सत्यनिष्ठता और परिश्रम के माध्यम से न केवल नेपाली साहित्य और भाषा की सर्वात्मना सेवा की हो तथा साहित्यिक और भाषिक गुणवत्ता में नए नए आविष्कार एवं परिष्कार भी किया हो, साथ ही नेपाली भाषा और साहित्य को भी समृद्ध बनाया हो।


















