बिजनौर – चार पशुओं को जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतारने के आरोपी को गिरफ्तार न करने से गुस्साए लोगों व बजरंग दल के तमाम कार्यकर्ता थाने पहुंचकर हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गए। पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि जनपद बिजनौर के थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के गाँव गजरौला शिव निवासी एक युवक एक किसान की पुत्री को आए दिन परेशान करता था। उससे परेशान होकर युवती ने जब सारा मामला अपने पिता को बताया तो उन्होंने आरोपी युवक को हडका दिया। इससे क्षुब्ध आरोपी युवक ने उसके खेत में खडे चारे पर जहरीला पदार्थ छिडक दिया। जिसे खाने से किसान के चार पशुओं की मौत हो गई जिससे किसान का लाखों रुपए का नुकसान हो गया।
आरोप है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिये किसान पिछले ग्यारह दिनों से कोतवाली शहर के चक्कर काटता रहा परन्तु पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। सूचना मिलने पर बजरंग दल के तमाम कार्यकर्ता ग्रामीणों संग कोतवाली पहुंचे और आरोपी युवक की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा करते हुए धरने पर बैठ गये। एसपी सिटी प्रवीन रंजन सिंह ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के विरूद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
महकार सिंह तोमर की रिपोर्ट


















