समाजवादी पार्टी छात्र सभा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विशाल यादव का नहटौर में स्वागत
बिजनौर – समाजवादी पार्टी छात्र सभा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विशाल यादव का नहटौर के ग्राम सदरूद्दीननगर में पहुंचने पर युवाओं द्वारा फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। सदरूद्दीननगर निवासी मौ.रिहान के आवास पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में छात्र सभा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष विशाल यादव ने अपनी बात रखते हुए कहा है कि जब से उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है तब से लेकर आज तक छात्रों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
कभी फीस के नाम पर तो कभी बिल्डिंग फीस के नाम पर किसी न किसी तरीके से छात्राओं से पैसे बसूले जा रहे हैं। जबकि सपा सरकार ने छात्र हित में अनेक कार्य किये जिसमें छात्रों को नि:शुल्क लैपटॉप बांटकर डिजिटल क्रांति से जोडना आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वह छात्र-छात्राओं की समस्या को लेकर आवाज उठाने और जनपद बिजनौर में छात्र सभा को मजबूत करने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बने चार वर्ष से भी अधिक का समय हो गया है परन्तु कहीं विकास देखने को नहीं मिल रहा है जबकि पूर्ववर्ती सपा सरकार में अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में चहुंमुखी विकास हुआ था। उन्होंने विश्वास जताया कि 2022 में सपा की सरकार बनेगी और प्रदेश एक बार फिर प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा। उन्होंने उपस्थित युवाओं से बूथ स्तर तक समाजवादी छात्र सभा को मजबूत करने की अपील की। इस अवसर पर इमरान जवाज, मौ.शाहरुख, मौ.सलमान, मौ.रिहान मौ.अफजाल, कादिर अंसारी, अफजाल सिद्दीकी, इरफान अंसारी आदि लोग मौजूद रहे।


















