भव्य होगा स्वतंत्रता दिवस, तैयारियों को अंतिम रूप, कार्यक्रमो की रूपरेखा तय

रुद्रपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,, स्वतंत्रता दिवस को भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में जिला सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त को सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी द्वारा सुबह 9:30 बजे तथा पुलिस लाइन में 10 बजे ध्वजारोहण होगा। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्यक्रम प्रस्तुत करने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा तथा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 और 15 अगस्त की शाम सरकारी एवं ऐतिहासिक भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। कार्यालय परिसरों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान और पौधारोपण भी कराया जाएगा।स्कूलों में होंगे देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमअपर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के विद्यालयों में भाषण, पेंटिंग, निबंध लेखन, गोष्ठी, गायन, स्लोगन एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान, संघर्ष और त्याग से परिचित कराया जाए।स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण कराया जाएगा। वहीं जिला क्रीड़ा अधिकारी को क्रॉस कंट्री रेस में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।‘हर घर तिरंगा’ अभियान में जनभागीदारी पर जोरअपर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा, तिरंगा संगीत, देशभक्ति गीत, तिरंगा प्रतिज्ञा, स्वच्छता अभियान तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि आयोजित कार्यक्रमों की फोटो, वीडियो क्लिप और सेल्फी हर घर तिरंगा वेबसाइट पर अपलोड की जाएं। साथ ही अभियान में जनप्रतिनिधियों और आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।नगर निगम एवं सभी नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और पार्कों की साफ-सफाई कराने तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं का रंग-रोगन कराने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सुनील जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं निकाय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।


















