हरेला पर्व पर काशीपुर पॉलीटेक्निक में वसुधैव समिति ने किया वृक्षारोपण, 1 लाख पौधे लगाने का लिया संकल्प

काशीपुर / उत्तराखंड ( नसरीन खान निशा ),,,,उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला के अवसर पर मंगलवार को काशीपुर पॉलीटेक्निक परिसर में हरियाली का संदेश गूंजा। वसुधैव समिति के तत्वावधान में पॉलीटेक्निक के नवनिर्मित स्टेडियम में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस दौरान परिसर में 20 पौधे रोपित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ युवाओं में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।*पुलिस अधीक्षक रहे मुख्य अतिथि* कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक स्वप्निल कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उन्होंने पौधा रोपकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। एसपी ने कहा कि _”वृक्ष ही जीवन हैं। हरेला पर्व हमें प्रकृति से जुड़ने और उसे सहेजने की प्रेरणा देता है। युवा अगर आगे आएं तो धरती को फिर से हरा-भरा बनाया जा सकता है।”_ इस अवसर पर वसुधैव समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत सिंह, कार्यक्रम संयोजक डॉ. कुंवरपाल सिंह, डॉ. संतोष एवं पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य बीरेंद्र पाल सिंह सहित समस्त स्टाफ और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।प्रधानाचार्य बीरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि संस्थान हमेशा ऐसे पर्यावरणीय कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेगा। इससे छात्रों में भी सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।*1 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य* वसुधैव समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि समिति पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत अब तक कई स्थानों पर वृक्षारोपण कर चुकी है। इस वर्ष समिति ने 1 लाख नए पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली छोड़ने का संकल्प है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. कुंवरपाल सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को पौधों की देखभाल और जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।


















