कब्रिस्तान भूमि पर अवैध अतिक्रमण का मामला – आज होगी पैमाइश, पुलिस बल भी रहेगा तैनात

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,,कचनाल गुसाई स्थित कब्रिस्तान की भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण के मामले में तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। तहसीलदार के आदेश पर बुधवार को संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश और जांच करेगी।शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कोतवाली आईटीआई पुलिस को भी आवश्यक बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं कब्रिस्तान कमेटी के सदर हाजी शमशाद हुसैन ने तहसील प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि खसरा संख्या 76/18 की कब्रिस्तान भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है और उस पर निर्माण भी कर दिया गया है।शिकायत में यह भी कहा गया है कि भूमि संबंधी मामला पूर्व में न्यायालय में विचाराधीन रहा है और उस समय यथास्थिति बनाए रखने के आदेश भी जारी किए गए थे। इसके बावजूद अतिक्रमण जारी हैं तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व, बंदोबस्त, चकबंदी विभाग और नगर निगम के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम गठित की गई है। यह टीम बुधवार को मौके पर पहुंचकर सरकारी अभिलेखों के आधार पर भूमि की विधिवत पैमाइश करेगी और कब्जे की स्थिति का आंकलन करेगी।*वक्फ अधिवक्ता ने कहा – हाईकोर्ट के आदेशों का पालन जरूरी* वक्फ मामलों के अधिवक्ता अली अनवर ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ही पैमाइश होगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि _”दो अतिक्रमणकारियों के खिलाफ उच्च न्यायालय के बेदखली आदेश पहले से पारित हैं। उनका अनुपालन कराना भी अभी शेष है। यदि जांच में अतिक्रमण साबित होता है तो प्रशासन को कठोर कार्रवाई करनी होगी।”_संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए कोतवाली आईटीआई पुलिस को मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पैमाइश रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।स्थानीय लोगों की नजरें अब बुधवार की जांच और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।


















