यूकेडी नेता की पत्नी ने खुद को आग लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी*

अल्मोड़ा / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,नगर के विवेकानंद पुरी वार्ड में उत्तराखंड क्रांति दल के एक स्थानीय नेता की 38 वर्षीय पत्नी ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। *सुबह पति के स्कूल जाने के बाद उठाया कदम* विवेकानंद पुरी वार्ड निवासी मोहित साह अपनी पत्नी लता साह और 13 वर्षीय बेटे के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह मोहित रोज की तरह अपने बेटे को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान आसपास के लोगों ने घर से धुआं उठता देखा और मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत मोहित को सूचना दी। दरवाजा अंदर से था बंद लोगों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह अंदर से बंद था। मोहित के पहुंचने पर दरवाजा तोड़ा गया। तब तक लता साह काफी जल चुकी थीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मोहित साह उत्तराखंड क्रांति दल से जुड़े स्थानीय नेता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


















