शिक्षा और संस्कार के संगम पर श्रद्धांजलि, गुड़िया परिवार ने किया स्व.एस.सी.गुड़िया स्मृति यज्ञ

काशीपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,शिक्षा के क्षेत्र में काशीपुर का नाम रोशन करने वाले स्व. सत्येन्द्र चन्द्र गुड़िया की स्मृति को आज भावनात्मक श्रद्धा के साथ नमन किया गया। बाजपुर रोड स्थित सत्येन्द्र चन्द्र गुड़िया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड लॉ कॉलेज में उनकी 16वीं पुण्यतिथि के मौके पर पूरा परिसर वैदिक मंत्रोच्चारण और श्रद्धा की सुगंध से महक उठा।
सुबह से ही कॉलेज प्रांगण में स्मृति यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें गुड़िया परिवार के सभी सदस्य एकजुट होकर उपस्थित रहे। स्व. गुड़िया जी की पत्नी विमला गुड़िया, पुत्री-दामाद मीनाक्षी-प्रवीण शर्मा व प्रियंका-अशोक शर्मा, पौत्र यथार्थ आत्रेय, जयदित्य व सत्यार्थ शर्मा सहित परिजनों ने स्वामी वेदानन्द सरस्वती के सान्निध्य में वैदिक विधि से यज्ञ कर पुण्य आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा पंडित नारायण दत्त तिवारी स्मृति पुस्तकालय कक्ष का लोकार्पण। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने विधायक निधि से बने इस कक्ष का उद्घाटन कर छात्रों को ज्ञान का नया केंद्र सौंपा।
अपने संबोधन में श्री आर्य ने भावुक होकर कहा कि पंडित तिवारी और सत्येन्द्र चन्द्र गुड़िया की जोड़ी काशीपुर के विकास का एक स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि दोनों ने कभी राजनीति को विकास की राह में बाधा नहीं बनने दिया और क्षेत्र की तरक्की को सर्वोपरि रखा। आज का यह पुस्तकालय उन्हीं मूल्यों की निरंतरता है।
गुड़िया परिवार ने इस मौके पर शिक्षा को समाजसेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए संस्थान को और ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में शिक्षकों, छात्रों और शहर के गणमान्य लोगों की भारी उपस्थिति रही।


















