वाराणसी में साइबर सेल की बड़ी सफलता :- ऑनलाइन ठगी के शिकार 3 लोगों के 6.40 लाख रुपए वापस, पीड़ितों को मिली राहत

वाराणसी में जनपदीय साइबर क्राइम सेल और लालपुर पाण्डेयपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने ऑनलाइन ठगी के शिकार तीन शिकायतकर्ताओं के कुल 6 लाख 40 हजार रुपये वापस कराए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों को राहत मिली है और उन्होंने साइबर टीम की प्रशंसा की है।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला केरल निवासी मोहम्मद अदनान से जुड़ा है, जो वाराणसी घूमने आए थे। 23 जनवरी 2026 को होटल और गाड़ी बुकिंग के नाम पर भेजे गए फर्जी लिंक के जरिए उनसे 4 लाख 15 हजार रुपये की ठगी की गई थी। शिकायत मिलने पर लालपुर पाण्डेयपुर साइबर नोडल ने तत्काल बैंक से समन्वय स्थापित कर रकम को होल्ड कराया। बाद में न्यायालय के आदेश पर यह पूरी धनराशि उनके खाते में वापस कर दी गई।
दूसरा मामला थाना लालपुर पाण्डेयपुर क्षेत्र के हुकुलगंज निवासी छोटेलाल खरवार का है। 15 जनवरी 2026 को इंश्योरेंस पॉलिसी अपडेट कराने के बहाने उनसे 75 हजार रुपये ठग लिए गए थे। पुलिस ने शिकायत मिलते ही बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में रकम को होल्ड कराया और न्यायालय के आदेश पर इसे भी वापस दिला दिया।
तीसरे मामले में, 6 मार्च 2026 को एक महिला को फोन आया, जिसमें कॉलर ने खुद को लाइफ इंश्योरेंस कंज्यूमर कोर्ट मुंबई का वकील बताया। उसने इंश्योरेंस का लाभ दिलाने का झांसा देकर महिला के खाते से 1 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। पीड़िता ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर सेल ने प्रभावी पत्राचार और बातचीत के जरिए पूरी रकम वापस कराई।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार जायसवाल, कांस्टेबल रविश राय, रोहित तिवारी और गरिमा शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आम जनता को साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, फर्जी कस्टमर केयर नंबरों से सावधान रहें और डर या लालच में आकर कोई निजी जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन का उपयोग करने और किसी अनजान व्यक्ति से दोस्ती या निजी जानकारी साझा न करने की भी अपील की गई है।
पुलिस ने यह भी बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।


















