खनन माफियाओ से हमदर्दी पड़ गई भारी, एस.एस.पी.ने समस्त चौकी स्टॉफ को किया लाइन हाजिर

रुद्रपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,,,एसएसपी ऊधमसिंह नगर अजय गणपति ने अवैध खनन रोकने में लापरवाही बरतने के आरोप में शक्तिफार्म चौकी के पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई में चौकी इंचार्ज सहित कुल आठ पुलिसकर्मी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही थी। सोमवार को समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने शक्तिफार्म चौकी प्रभारी प्रकाश भट्ट समेत एएसआई सुरेंद्र बोरा, भगवान रमोला, हरीश कबड़वाल, भुवन आर्या, तुलसी भट्ट, भूपेंद्र कुमार और दीपक नेगी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। करीब ढाई महीने पहले शक्तिफार्म क्षेत्र में खनन माफियाओं ने राजस्व विभाग की टीम से जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जबरन छुड़ा लिया था। इस मामले में तहसीलदार हिमांशु जोशी ने मुकदमा दर्ज कराया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
रविवार को राजस्व उपनिरीक्षक की जांच में बैगुल नदी में भी अवैध खनन की पुष्टि हुई थी। ग्रामीणों के विरोध के बावजूद पुलिस खनन माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करने में असफल रही, जिसके बाद यह कड़ा कदम उठाया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अवैध खनन पर प्रभावी रोक न लगा पाने और ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर शक्तिफार्म चौकी प्रभारी सहित पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


















