मेरठ के गौरवशाली विरासत को ध्यान में रखते हुए मेरठ रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण का निर्णय लिया गया है- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

मेरठ रेलवे स्टेशन का विकास एवं पुनर्निर्माण आने वाले 50 से 100 वर्षों की आवश्यकताओं और दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है – रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
मेरठ रेलवे स्टेशन का पुनर्निर्माण आधुनिक सुविधाओं से युक्त होने के साथ -साथ देश के स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक विरासत को भी जीवंत रूप में करेगा प्रस्तुत – अश्विनी वैष्णव
वाराणसी :- केंद्रीय रेल,सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में कहा कि मेरठ का इतिहास देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से गहराई से जुड़ा हुआ है | रेल मंत्री बताया कि इसी गौरवशाली विरासत को ध्यान में रखते हुए मेरठ रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण का निर्णय लिया गया है रेल मंत्री ने कहा कि प्रारंभिक चरण में मेरठ रेलवे स्टेशन का जो डिज़ाइन तैयार किया गया था वह अत्यंत आधुनिक तो था किंतु उसमें मेरठ के ऐतिहासिक महत्व एवं स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े पहलुओं का समुचित प्रतिबिंब नहीं हो पा रहा था |
रेल मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि इसी उद्देश्य से उन्होंने राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी से व्यक्तिगत रूप से आग्रह किया कि वे मेरठ के वरिष्ठ नागरिकों और समाज के प्रबुद्धजनों के साथ विचार विमर्श कर ऐसा डिज़ाइन तैयार करें जिसमें मेरठ रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण में स्वतंत्रता आंदोलन की झलक दिखाई दे | इस पहल के लिए उन्होंने सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सभी वर्गों को साथ जोड़कर एक नया और विजनरी डिज़ाइन प्रस्तुत किया है जिसके अनुसार वर्तमान में कार्य प्रगति पर है |
रेल मंत्री ने यह भी कहा कि मेरठ रेलवे स्टेशन का पुनर्निर्माण चालू रेल यातायात के बीच किया जा रहा है जिसके कारण सुरक्षा और सावधानी के विशेष उपाय अपनाने पड़ते हैं इसके बावजूद कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है | रेल मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय उदाहरण का उल्लेख करते हुए कहा कि जर्मनी के बर्लिन जैसे शहरों में इस तरह के पुनर्निर्माण कार्यों में आठ से दस वर्ष तक का समय लगा जबकि भारत में सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए काम कहीं अधिक गति से किया जा रहा है |
उन्होंने भरोसा दिलाया कि मेरठ स्टेशन का यह नया स्वरूप आने वाले 50 से 100 वर्षों की आवश्यकताओं और दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है जो न केवल आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा बल्कि देश के स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक विरासत को भी जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा ||


















