करनाल: जिला प्रशासन द्वारा कोविड मरीजों को अधिक्तम सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयासों की कड़ी में शनिवार को अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नीलोखेड़ी व इंद्री का दौरा किया गया। उन्होंने नीलोखेड़ी केन्द्र के दौरे उपरांत इस केन्द्र को नीलोखेड़ी में सीकरी रोड़ स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास के भवन में शिफ्ट करने का आदेश दिया ताकि मरीजों को खुला वातावरण व पर्याप्त सुविधाएं मिल सके, क्योंकि वर्तमान भवन में जगह की कमी होने के कारण मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आदेश दिए कि सोमवार तक नये केन्द्र में सभी सुविधाएं स्थापित करते हुए वहां कार्य शुरू कर दिया जाना चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास के क्षेत्रीय प्रभारी तलवार ने संस्था की तरफ से पूर्ण सहयोग तथा सहायता का आश्वासन दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इंद्री का दौरा करने पर सभी व्यवस्थाएं सही पाई गई। उन्होंने वहां पर दाखिल कोरोना संक्रमित मरीजों से मुलाकात करके उनका हालचाल जाना तथा उनके ईलाज व अन्य सुविधाओं के बारे में उनसे पूछताछ की। मरीजों ने ईलाज व सुविधाओं के प्रति पूर्ण संतोष व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित मेडिकल व प्रशासनिक अधिकारियों को आदेश दिए कि मराजों के ईलाज व सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि पर्याप्त दवाएं व ऑक्सीजन हर समय पर उपलब्ध रहे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि सरकार द्वारा उनके क्षेत्र में स्थित केन्द्रों पर पूर्ण सुविधाएं प्रदान की जा रही है। इसलिए लोगों को थोड़ी सी भी स्वास्थ्य संबंधी पेरशानी आने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल या केन्द्र पर जाकर अपनी जांच करवानी चाहिए ताकि समय व संसाधनों का अपव्यय ना हो तथा बहुमूल्य जीवन बचाया जा सके। इस मौके पर पीओ शब्द दयाल, पीओ प्रवीन मोर, गगन शर्मा, एसएमओ डॉ० अनु, एसएमओ डॉ० संदीप, एएमओ डॉ० वंदना भी मौजूद थे।


















