सरकारी चिकित्सक मरीज को अस्पताल के बाहर से दवा खरीदने को कहेंगे तो उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई-जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं — जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
आईरा न्यूज़ नेटवर्क
खबर वही जो हो सही
बिजनौर, 23 जुलाई 2025 — जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर की अध्यक्षता में आज शाम 4:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी चिकित्सक यदि मरीज को अस्पताल के बाहर से दवा खरीदने को कहेंगे तो उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होंने सीएमओ को औचक निरीक्षण करने और ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता पर भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जिन आशाओं द्वारा संस्थागत प्रसव में रुचि नहीं ली जा रही है, उनकी सेवाएं समाप्त कर नई नियुक्ति की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि—
✔ सभी गर्भवती महिलाओं और बच्चों का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित हो।
✔ कुपोषण की स्थिति की विभागीय समीक्षा की जाए।
✔ U-WIN प्लेटफॉर्म पर सभी डेटा की सही फीडिंग हो।
✔ आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में बिजली, पानी, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ हों।
✔ कोई भी गर्भवती महिला भोजन से वंचित न रहे।
✔ ई-कवच व ई-संजीवनी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन बढ़ाया जाए।
बैठक में जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, आशा एवं एएनएम की कार्यप्रणाली, संस्थागत प्रसव रिपोर्ट, ब्लॉकवार डिलीवरी रिपोर्ट, आधार वेरिफिकेशन, एंटी स्नेक व एंटी रैबीज इंजेक्शन की उपलब्धता, तथा आशाओं का भुगतान जैसे विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज सेन, डॉ. उर्मिला कार्या, डॉ. प्रभा रानी, सभी एसीएमओ व एमओआईसी मौजूद रहे।
📰 आईरा न्यूज़ नेटवर्क
खबर वही जो हो सही


















