सिख गुरूद्वारा प्रबंधन कमेटी के मतदाताओं की सूची 30 सितम्बर तक अवश्य करवाएं तैयार

सुमरीन योगी
करनाल
सिख गुरूद्वारा प्रबंधन कमेटी के मतदाताओं की सूची 30 सितम्बर तक अवश्य करवाएं तैयार



हरियाणा सिख गुरूद्वारा प्रबंधन कमेटी के मतदाताओं की सूची 30 सितम्बर तक अवश्य करवाएं तैयार, कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से न रहे वंचित : गृह सचिव टीवीएसएन प्रसाद।
गृह सचिव ने उपायुक्तों के साथ की मतदाता सूची तैयार करने के कार्य की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश।
करनाल,15 सितम्बर। हरियाणा के गृह सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने वीसी के माध्यम से हरियाणा सिख गुरूद्वारा प्रबंधन कमेटी के चुनाव को लेकर उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में 30 सितम्बर तक हरसंभव मतदाता सूची तैयार करवाना सुनिश्चित करेंगे। इस कार्य में ढिलाई न बरती जाए। इसके अलावा कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे। इस मौके पर हरियाणा सिख गुरूद्वारा प्रबंधन कमेटी के चुनाव आयुक्त एचएस भल्ला ने भी जिला उपायुक्तों को मतदाता सूची तैयार करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए और कहा कि अगर उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत आती है तो वे उनसे दूरभाष के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए वोट बनवाने के फार्म वेबसाईट पर भी उपलब्ध हैं।
गृह सचिव ने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने के लिए प्राप्त किए जा रहे आवेदन पत्र अब हिंदी, अंग्रेजी के साथ-साथ गुरूमुखी यानि पंजाबी भाषा में उपलब्ध करवा दिए गए हैं। नए वोट बनवाने के लिए ये फार्म गुरूद्वारों में भी पहुंचा दिए गए हैं। पात्र व्यक्ति अपना फार्म भरकर संबंधित पटवारी के पास जमा करवाएं ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि जिस क्षेत्र में सिख मतदाताओं की संख्या ज्यादा है, वहां स्थान निर्धारित करके वोट बनाने के लिए फार्म भरे जाएं और जिस क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या कम है, उन सभी पात्र व्यक्तियों को कवर करने के लिए ज्यादा से ज्यादा पटवारी तैनात किए जाएं ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वोट बनवाने से वंचित न रहे।
हरियाणा सिख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव को लेकर मतदाता सूची को तैयार करने का कार्य जारी : उपायुक्त अनीश यादव।
वीसी में उपायुक्त अनीश यादव ने अवगत कराया कि जिला में हरियाणा सिख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव को लेकर मतदाता सूची को तैयार करने का कार्य जारी है। नगरपालिका क्षेत्र में नगरपालिका सचिव तथा ग्रामीण क्षेत्र में पटवारी व ग्राम सचिवों को पात्र व्यक्तियों से फार्म प्राप्त करने के लिए अधिकृत किया गया है। इसके अलावा संबंधित एसडीएम को आरओ तथा बीडीपीओ को एआरओ अधिकृत किया गया है। उन्होंने सभी एसडीएम व बीडीपीओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्थापित गुरूद्वारों में जाकर मतदाता सूची तैयार करने को लेकर संपर्क करें। इसके अलावा जितने भी फार्म प्राप्त होते हैं, उनका पंजीकरण भी करवाते रहें।
उन्होंने सिख समुदाय के पात्र व्यक्तियों से अपील की है कि जो भी इच्छुक सिख व्यक्ति हरियाणा सिख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी की निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करवाना चाहते हैं वे मतदाता अपना पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो व मतदाता पहचान पत्र की प्रति के साथ अपने क्षेत्र से संबंधित तहसील/उप-तहसील कार्यालय में कार्यरत संबधिंत हल्का पटवारी से सम्पर्क कर सकते हैं व आवेदन पत्र भरकर निर्धारित तिथि से पूर्व पटवारी एवं संबंधित अधिकारी के पास जमा करवा सकते हैं। इस मौके पर एसडीएम करनाल अनुभव मेहता, एसडीएम घरौंडा अदिति, एसडीएम असंध वीरेन्द्र सिंह ढुल, एसडीएम इंद्री अशोक कुमार, नगराधीश अमन कुमार, डीआरओ श्याम लाल तथा बीडीपीओ भी मौजूद रहे।


















