
जयपुर – नाहरगढ़ पहाड़ी पर गुरुवार रात करीब 8 बजे कोहरे के दौरान एक फॉरच्यूनर गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 100 फिट नीचे खाई में जा गिरी। यह कार नीचे पेड़ में अटक गई। हादसे के वक्त गाड़ी में 6 जने सवार थे। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे वाहन चालकों ने खाई में फंसी कार से घायलों को अपने वाहनों से किसी प्राइवेट अस्पताल में पहुंचा दिया। इधर सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची ब्रह्मपुरी थाना, आमेर थाना व दुर्घटना नॉर्थ थाना पुलिस ने आस-पास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चला लिया। गाड़ी गहराई में होने के कारण शुक्रवार सुबह क्रेन की सहायता से निकाली जायेगी।
देर रात तक घायलों को तलाश करती रही पुलिस:
आमेर एसीपी चन्द्र सिंह रावत ने बताया कि रात करीब आठ बजे गाड़ी नाहरगढ़ से नीचे आ रही थी। इस दौरान कार की रफ्तार तेज थी। कोहरा होने से नाहरगढ़ पहाड़ी पर संभवतया कार चालक को घुमावदार मोड़ नजर नहीं आया। इससे बेकाबू कार घुमाव में अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट नीचे खाई में जा गिरी।
क्षतिग्रस्त गाड़ी गुजरात में रजिस्टर्ड नंबरों की है:
दुर्घटना थाना नार्थ के पुलिसकर्मी देर रात तक घायलों को तलाश करने में जुटे रहे। लेकिन उनका पता नहीं चला। बताया जा रहा है कि घायलों को मौके से लोग एसएमएस अस्पताल के बजाए किसी अन्य अस्पताल में ले गए।


















