
AIRA NEWS NETWORK – इंद्री 01 जनवरी, इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने खंड के गांव बीबीपुर ब्राह्मण, डेरा हलवाना व सिकलीगरान आदि का दौरा कर गांव के लोगों की समस्याएं सुनी और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। गांव हलवाना के लोगों ने उनके समक्ष खराब हो रही नालियों, गलियों की समस्याएं रखी। विधायक ने हलके के लोगों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी जो भी समस्याएं हैं, उनका जल्द समाधान करने का प्रयास करेंगे।
विधायक ने कहा कि सरकार ने महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए लागू किया कि 1 जनवरी 2022 से जन्म मृत्यु का डाटा अपने आप अपडेट हो जाएगा और किसी भी व्यक्ति को जन्म एवं मृत्यु रजिस्ट्रार के कार्यालय में जाने की आवश्यकता नहीं होगी और जिस महिला एवं पुरुष की आयु 60 साल हो जाएगी, उसकी खुद ब खुद पेंशन लागू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ठेकेदारी बंद कर कौशल रोजगार निगम के जरिए भर्ती की जा रही है।
सरकार ने कौशल रोजगार निगम बनाया है, अब बेरोजगार युवाओं को कौशल रोजगार पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करवाना होगा ताकि उनको रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने लोगों को बताया कि सरकार ने हर वर्ग के हित को ध्यान में किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना ,सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना,जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, आयुष्मान भारत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी सैकड़ों विकास योजनाएं बनाई है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पहली कड़ी में अंत्योदय मेलों के माध्यम से उन परिवारों की आय बढ़ाने का प्रयास कर रही जिन परिवारों की आय एक लाख से कम है। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत मेले में किसी भी लाभार्थी को अपना रोजगार करने व उसमें बढ़ोतरी करने के लिए सभी विभागों द्वारा पूरी जानकरी देने के उपरांत ऋण की सुविधा दी जा रही है। यह सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गई है ताकि किसी भी लाभार्थी को परेशानी न हो और सभी पात्र व्यक्तियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा इन ऋण मेलो में लाभार्थियों को एक से ज्यादा योजनाओं के लिए भी ऋण आवेदन करने के लिए कदम उठाए जा रहे है।
इस मौके पर ध्यान सिंह, महिपाल सिंह, राजू, सुरजीत सिंह, बलदेव सिंह, भगवान सिंह, गुरमीत सिंह, मखन सिंह, हरप्रीत सिंह, प्रताप सिंह, जगमाल कश्यप, जंगशेर पांचाल, राजकुमार कश्यप, हंस राज कश्यप आदि उपस्थित रहे।


















