सूर्या चौकी पुलिस का बॉर्डर पर वाहन चेकिंग अभियान, दो दर्जन से अधिक चालान, तीन बाइक सीज

काशीपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,,सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर कुंडा थाना पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में सूर्या चौकी पुलिस ने बॉर्डर क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसा।
चौकी प्रभारी के नेतृत्व में चला अभियान
चौकी प्रभारी सोनू सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बिना हेलमेट, तीन सवारी और बिना दस्तावेज वाहन चलाने वाले दो दर्जन से अधिक बाइक चालकों के ऑनलाइन एवं नगद चालान किए। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर तीन मोटरसाइकिलों के एमवी एक्ट के तहत कोर्ट चालान भी किए गए।
दस्तावेज जांच के साथ संदिग्धों से पूछताछ
चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
चौकी प्रभारी ने बताया अभियान का उद्देश्य
चौकी प्रभारी सोनू सिंह ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान पुलिस की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि चेकिंग के दौरान कई बार चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद हो जाती हैं, जिससे वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में मदद मिलती है। साथ ही इस तरह के अभियान अपराधियों पर निगरानी रखने और चोरी सहित अन्य आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने में भी प्रभावी साबित होते हैं।
नियम पालन की अपील
उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की। सोनू सिंह ने कहा कि नियमों का पालन करने से न केवल चालान से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को भी रोका जा सकता है।
सड़क सुरक्षा की दिशा में अहम कदम
पुलिस के इस अभियान को क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बॉर्डर क्षेत्र में लगातार चेकिंग से अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलने की उम्मीद है।


















