लहुराबीर में झपटमारी का खुलासा: 250 CCTV खंगालकर पुलिस ने दबोचा शातिर, चोरी का मोबाइल बरामद

ऋचा मधुकर की खास रिपोर्ट
वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र के लहुराबीर चौराहे पर हुई झपटमारी की घटना में वाराणसी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी सर्विलांस के जरिए पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से पीड़िता का लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुखदेव पासी (20 वर्ष) पुत्र बनारसी, निवासी पंचकोशी, थाना सारनाथ के रूप में हुई है। यह घटना 1 मार्च 2026 को हुई थी, जब लहुराबीर चौराहे के पास दो अज्ञात बदमाशों ने विद्या गुप्ता से मोबाइल और पर्स झपट लिया था। इस संबंध में पीड़िता के भाई अजय गुप्ता की तहरीर पर चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 250 CCTV कैमरों की बारीकी से जांच की और सर्विलांस सेल की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। आखिरकार 24 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:45 बजे लकड़ी मंडी चौराहा स्थित हनुमान मंदिर के पास से सुखदेव को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ पहले से थाना जैतपुरा में भी मुकदमा दर्ज है। चेतगंज का यह मामला उसके खिलाफ दूसरा केस है, जिससे उसके आपराधिक रुझान का खुलासा होता है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विकल शाण्डिल्य, वैभव कुमार शुक्ला, अभिषेक राव, कांस्टेबल अम्बेश और सर्विलांस सेल के कांस्टेबल प्रशांत तिवारी की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि शहर में मोबाइल स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं, फरार दूसरे आरोपी की तलाश भी तेज कर दी गई है।


















