23वें नॉर्थ ईस्ट मेटलिफेरस माइंस सेफ्टी वीक 2026 के तहत ट्रेड टेस्ट और फर्स्ट एड प्रतियोगिताएँ आयोजित

गुवाहाटी/शिलॉन्ग : 23वें नॉर्थ ईस्ट मेटलिफेरस माइंस सेफ्टी वीक 2026 के तहत मेघालय सीमेंट लिमिटेड और डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड के लुमशनोंग स्थित प्लांट्स और स्टार सीमेंट लिमिटेड, मेघालय में ट्रेड टेस्ट और फर्स्ट एड प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इनमें नॉर्थ ईस्ट भारत की अलग-अलग चूना पत्थर खदानों से आए 118 माइनिंग प्रोफेशनल्स ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में 11 ट्रेड और नौ टीमें शामिल हुईं।
ट्रेड टेस्ट प्रतियोगिता में माइनिंग मेट, ड्रिल ऑपरेटर, एक्सकेवेटर ऑपरेटर और ब्लास्टर सहित 11 अलग-अलग ट्रेड शामिल थे। इसमें प्रतिभागियों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता, काम करने के व्यावहारिक कौशल और सुरक्षित कार्य प्रक्रियाओं की जानकारी को परखा गया। इसके साथ ही उपकरणों के इस्तेमाल, खतरों की पहचान और तय सुरक्षा मानकों की जानकारी का भी आकलन किया गया। फर्स्ट एड प्रतियोगिता में शामिल टीमों की प्राथमिक उपचार से जुड़ी जानकारी, आपात स्थिति में तुरंत मदद देने की क्षमता, घायल व्यक्ति की देखभाल और कार्यस्थल पर आपात स्थिति से निपटने की तैयारी को परखा गया। फर्स्ट एड प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए कोल इंडिया लिमिटेड और ऑयल इंडिया लिमिटेड के डॉक्टरों को नियुक्त किया गया था। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर सफल प्रतिभागियों और बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को पुरस्कार दिए गए।
इस अवसर पर डीजीएमएस गुवाहाटी से खान सुरक्षा निदेशक श्री बी. दयासागर और खान सुरक्षा उप निदेशक श्री कमलेश कुमार वर्मा, आयोजन समिति के सदस्य और वरिष्ठ माइनिंग अधिकारी मौजूद रहे। इस साल के आयोजन की मेजबानी कर रही समिति के सदस्य, डालमिया सीमेंट (एनई) लिमिटेड के प्रतिनिधि और स्टार सीमेंट लिमिटेड के वरिष्ठ माइनिंग अधिकारी भी फर्स्ट एड प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित थे।
कंपनी के प्रवक्ता ने इस अवसर पर कहा, “खदानों में सुरक्षा केवल तय व्यवस्थाओं और प्रक्रियाओं पर निर्भर नहीं करती, बल्कि वहाँ काम करने वाले लोगों के कौशल, जागरूकता और तैयारी की भी इसमें अहम् भूमिका होती है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से माइनिंग प्रोफेशनल्स को अपने व्यावहारिक ज्ञान और कौशल दिखाने, एक-दूसरे से सीखने और सुरक्षित तरीके से काम करने के महत्व को समझने का मौका मिलता है। हमें इस उद्योग-स्तरीय पहल का समर्थन करने और पूरे नॉर्थ ईस्ट में सुरक्षा मानकों को मजबूत बनाने के लगातार हो रहे प्रयासों में योगदान देने की खुशी है।”
ये प्रतियोगिताएँ डायरेक्टरेट जनरल ऑफ माइंस सेफ्टी (डीजीएमएस), गुवाहाटी रीजन के मार्गदर्शन में आयोजित 23वें नॉर्थ ईस्ट मेटलिफेरस माइंस सेफ्टी वीक 2026 का हिस्सा थीं। सप्ताहभर चलने वाली इस वार्षिक पहल का उद्देश्य माइनिंग प्रोफेशनल्स की कार्यक्षमता बढ़ाना, एक-दूसरे के साथ जानकारी साझा करने को प्रोत्साहित करना और नॉर्थ ईस्ट की खदानों में सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। फर्स्ट एड प्रतियोगिता के जरिए प्राथमिक उपचार की जानकारी और कौशल बढ़ाने, आपात स्थिति से निपटने की तैयारी मजबूत करने, सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खदानों में दुर्घटना या मेडिकल इमरजेंसी के दौरान तुरंत और सही मदद देने को भी प्रोत्साहित किया गया।






