मेरी माटी मेरा देश अभियान की श्रृंख्ला में 1 सितम्बर से 30 अक्तूबर तक जिला में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

सुमरीन योगी
करनाल
मेरी माटी मेरा देश अभियान की श्रृंख्ला में 1 सितम्बर से 30 अक्तूबर तक जिला में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
करनाल, 6 सितंबर- मेरी माटी मेरा देश अभियान की श्रृंख्ला में 1 सितम्बर से 30 अक्तूबर तक जिला में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए एडीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि मेरी माटी मेरा देश अभियान वास्तव में देश की स्वतंत्रता और प्रगति की यात्रा का स्मरण कराते हुए, भारत की मिट्टी और शौर्य के एकीकरण को दर्शाता है। यह कार्यक्रम अपनी मिट्टी से जुडऩे, अपने नायकों का सम्मान करने और इस तरह अपने मन में राष्ट्रीय गौरव की भावना भरने का कार्यक्रम है, जो निश्चित रूप से भावी पीढिय़ों को भारत की पोषित विरासत की रक्षा के लिए प्रेरित करेगा।
इस अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए जिला युवा अधिकारी रेनू सिलग ने बताया कि ग्राम स्तर 1 सितम्बर से 15 सितम्बर तक प्रत्येक गाँव में उत्सव के माहौल में घर-घर से मिटटी या चावल अमृत कलश में एकत्रित किए जाएंगे। इस दौरान ग्रामीणों को गाँव में सामूहिक पंच प्रण की शपथ दिलाई जाएगी और देश के प्रति अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीरों की गाथाएं दर्शाने के लिए स्कूल में शिलाफलकम लगाए जाएंगे तथा प्रत्येक गाँव में 75 पौधे लगाकर अमृत वाटिका का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर 3 अक्तूबर से 13 अक्तूबर तक कार्यक्रम आयोजित करते हुए सभी गांवों से आये हुए अमृत कलश की मिट्टी ब्लॉक स्तर पर एक अमृत कलश में एकत्रित की जाएगी तथा अमृत कलश में मिट्टी एकत्रित करने के दौरान बड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करते हुए वीर शहीदों को याद किया जाएगा और भावी पीढ़ी को उनके बलिदान के प्रति प्रेरित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में एन.सी.सी., एन. एस. एस., स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों, आँगनबाड़ी सेविका, युवाओं एवं महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि राज्य स्तर 22 अक्तूबर से 27 अक्तूबर तक प्रदेश की राजधानी में ब्लॉक से आए अमृत कलशों को एकत्रित किया जाएगा। इसके बाद इन अमृत कलशों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए दिल्ली भेजा जाएगा। इन अमृत कलशों को 30 अक्तूबर को विभिन प्रदेशों से आये हुए प्रतिनिधिओं द्वारा अपनी पारिवारिक वेशभूषाओं में गणतंत्र दिवस की परेड भांति, कर्तव्य पथ पर परेड करते हुए वीरों की याद में बनाये हुए अमृत वाटिका में समर्पण किया जाएगा।
माटी को नमन वीरों को वंदन के तहत नेहरू युवा केंद्र ने निकाली कलश यात्रा
नेहरू युवा केंद्र करनाल के तत्वाधान में जिला युवा अधिकारी रेनू सिलग के निर्देशानुसार उपमंडल इंद्री के गांव गांधीनगर व कादराबाद में माटी को नमन वीरों को वंदन कार्यक्रम के तहत मिट्टी को एकत्रित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक सोनिया देवी ने की। इस कार्यक्रम में गांधीनगर सरपंच प्रदीप चौहान की मौजूदगी में वीरों के घरों से मिट्टी को कलश में इकठ्ठा किया गया।
इस अवसर पर सोनिया देवी ने कहा कि हम सभी एक ही मिट्टी में पैदा हुए हैं। वह हम सभी के लिए पूजनीय है। मातृभूमि की रक्षा में वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर देश की सुरक्षा का दायित्व निभाकर अपनी माटी का कर्ज तो चुका दिया, किंतु अब हम सभी को दिए गए दायित्व का बखूबी निर्वहन कर माटी का कर्ज चुकाना है। ‘मेरी माटी मेरा देश’ कार्यक्रम का उद्देश्य देशवासियों में शहीदों की शहादत को नमन करना है और भविष्य में आजादी के परवानों से उदाहरण लेकर अपने जीवन में आत्मसात करना है। आज हम स्वतंत्रता की सांस इसलिए ले रहे हैं कि हमारे जवान प्रतिपल सीमा एवं जनता की सुरक्षा में लगे रहते हैं।
इस मौके पर सोनिया देवी, यूथ क्लब उपाध्यक्ष अर्चना,सरपंच प्रदीप चौहान , पवन मनरेगा मेड, रीटा देवी,ममतेश, चलती देवी, मीना देवी, कमलेश देवी, राजकुमारी, साक्षी, पिंकी, पाला राम, बाला देवी, बीना रानी, सीता देवी व सभी ग्रामवासी और बच्चे उपस्थित रहे।


















