बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मनाया शौर्य दिवस शौर्य दिवस के मौके पर नगर में निकली भव्य शौर्य यात्रा

आईरा न्यूज़ नेटवर्क बिजनौर से विकास अग्रवाल
धामपुर । बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की ओर से छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी ढांचे को विध्वंस कर दिया गया था। इसके बाद से ही बजरंग दल कार्यकर्ता छह दिसंबर को लगातार शौर्य दिवस के रूप में मनाते आ रहे हैं। इस बार भी कार्यकर्ताओ ने शौर्य दिवस धूमधाम से मनाया।
नगीना मार्ग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में रविवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शौर्य दिवस मनाया। शौर्य दिवस के मौके पर नगर में भव्य शौर्य यात्रा निकाली। यात्रा निकाल कर कार्यकर्ताओं ने हिंदूओं के मनोबल को बढ़ाने, उन्हें जागृत करने का कार्य किया। शौर्य यात्रा से पूर्व सरस्वती विद्या मंदिर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का शुभारम्भ राम दरबार, बंजरग बली व भारत माता के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। संगोष्ठी में विहिप के संगठन मंत्री ब्रजेश जी ने अपने सम्बोधन के माध्यम से कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि विहिप की ओर से बजरंग दल कार्यकर्ताओं को देश व धर्म के प्रति सजग रहने को जागरूक किया जाता रहता है। इसी से भारत हिंदू व परम वैभवी राष्ट्र बनेगा। उन्होने कहा कि हमारे कार्यकर्ता देश की आन, बान और शान है। देश, धर्म और समाज पर आने वाली हर चुनौती के साथ समाधान करने को तैयार है। हिंदुत्व अजेय था, अजेय है और अजेय ही रहेगा। बजरंग दल की ओर से धामपुर में शौर्य दिवस के मौके पर नगर में शौर्य यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता निर्धारित गणवेश में शामिल हुए। सरस्वती विद्या मंदिर से शुरू हुई यात्रा नगर के सभी प्रमुख परंपरागत मार्गो से होती हुई विद्या मंदिर में पहुंच कर संपन्न हुई। बजरंग कार्यकर्ता देश में हिंदू समाज और धर्म पर आने वाली हर प्रकार की समस्याओं को चुनौती के साथ समाधान करने में पूरी तरह से सक्षम है। उन्होंने गीता भागवत का जिक्र करते हुए कहा कि गीता भी देश और धर्म के नाम पर जीने और मरने का संदेश देती है।
कार्यक्रम में बजरंग दल के प्रांत संयोजक विकास त्यागी, जिलाध्यक्ष नैपाल सिंह, कार्यकारी जिलाध्यक्ष अरूण कुमार चौधरी, विभाग अध्यक्ष अनिल गोयल ने गीता जयंती के बारे में विस्तार से चर्चा कर कार्यकर्ताओं से देश, धर्म और समाज के लिए मरने मिटने की प्रेरणा दी। कार्यकर्ताओं ने भव्य शौर्य यात्रा में बजरंग दल के जिला संयोजक जितेंद्र सैनी, जिला सुरक्षा प्रमुख अतुल सैनी, अजय राजपूत, अवधेश प्रताप आदि बजरंग दल मौजूद रहे।



















